नगर पालिका में भ्रष्टाचार का आरोप, कांग्रेस पार्षदों ने खोला मोर्चा, नपा अध्यक्ष पर काम दिलाने के नाम पर पैसा लेने का लगाया आरोप

जांजगीर-चांपा। नैला नगर पालिका में भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के आरोपों को लेकर आज कांग्रेस पार्षदों ने पालिका अध्यक्ष रेखा देवा गढ़ेवाल के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। स्थानीय विधायक ब्यास कश्यप के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पार्षदों ने नगर पालिका का घेराव कर जमकर नारेबाजी की।

कांग्रेसी पार्षदों ने आरोप लगाया कि अध्यक्ष और उनके पति ने काम दिलाने के नाम पर पैसों का लेनदेन किया है, साथ ही जरूरी सामग्रियों को कई गुना अधिक कीमत पर खरीदा गया। पार्षदों का कहना है कि अब तक हुई सभी खरीदी की जानकारी जनप्रतिनिधियों से छिपाई गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर पारदर्शिता नहीं बरती गई तो वे उग्र आंदोलन करेंगे।

कांग्रेस पार्षदों ने आरोप लगाया कि पिछले 9 महीनों में बीजेपी की अध्यक्ष रेखा देवा गढ़ेवाल के कार्यकाल में नगर विकास का कोई नया कार्य शुरू नहीं हुआ, जबकि पूर्व से स्वीकृत कार्यों में कमीशन लेकर काम कराए जा रहे हैं। पार्षदों ने यह भी कहा कि उनके वार्डों को सफाई, लाइट और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं से वंचित रखा गया है।

नेता प्रतिपक्ष प्रिंस शर्मा ने बताया कि नगर पालिका अध्यक्ष और उनके पति ठेकेदारों से एडवांस में कमीशन लेकर काम देने का वादा करते हैं। उन्होंने कहा कि सभी खरीदी — जैसे झाड़ू, फिनायल और सफाई सामग्री — में भारी गड़बड़ी की गई है। कांग्रेस पार्षदों ने इन सभी मामलों की सूचना के अधिकार (RTI) से जानकारी निकालकर जनता के बीच उजागर करने की घोषणा की।

इस प्रदर्शन में शामिल विधायक ब्यास कश्यप ने भी नगर पालिका में भ्रष्टाचार के बढ़ते मामलों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा,

“जब से बीजेपी की अध्यक्ष बनी हैं, तब से नगर पालिका में कमीशन का खेल शुरू हो गया है। उप मुख्यमंत्री अरुण साव द्वारा की गई ढाई-ढाई करोड़ की घोषणाओं पर भी अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। अध्यक्ष दूसरे के इशारों पर काम कर रही हैं।”

कश्यप ने चेतावनी दी कि कांग्रेस इस मुद्दे को सड़क से लेकर सदन तक उठाएगी।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन के अंत में कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा, जिसमें नगर पालिका में हुई सभी खरीदी की जांच और नगर के सभी वार्डों में समान रूप से विकास कार्य कराने की मांग की गई।

 

Youthwings