रायपुर से जल्द शुरू होंगी 4 अमृत भारत ट्रेनें: मुंबई-हावड़ा-जयपुर और असम से मिलेगा सीधा कनेक्शन
रायपुर से जल्द शुरू होंगी 4 अमृत भारत ट्रेनें
रायपुर: भारतीय रेलवे यात्रियों को बेहतर और आधुनिक यात्रा सुविधा देने के लिए बड़े पैमाने पर काम कर रहा है। इसी कड़ी में अब रायपुर को भी अमृत भारत ट्रेन सेवा की सौगात मिलने जा रही है। सूत्रों के अनुसार शुरुआती चरण में रायपुर से मुंबई, हावड़ा, जयपुर और असम (कामाख्या) के लिए चार नई अमृत भारत ट्रेनों को मंजूरी मिल चुकी है।
रेलवे बोर्ड से मिली हरी झंडी
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की ओर से इन रूटों के प्रस्ताव जून माह में रेलवे बोर्ड को भेजे गए थे। अब बोर्ड की ओर से सकारात्मक संकेत मिलने के बाद उम्मीद है कि जल्द ही इन ट्रेनों की अंतिम सूची और शेड्यूल जारी किया जाएगा।
रायपुर के यात्रियों को मिलेगा बड़ा लाभ
फिलहाल रायपुर से नागपुर और विशाखापट्टनम के लिए वंदे भारत ट्रेन की सुविधा उपलब्ध है। अब अमृत भारत ट्रेनें शुरू होने के बाद लंबी दूरी की यात्रा और अधिक सुविधाजनक और किफायती हो जाएगी। खासतौर पर मुंबई और हावड़ा जैसे बड़े शहरों के लिए यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलने में आसानी होगी।
पूर्वोत्तर भारत से भी होगा सीधा संपर्क
रायपुर से कामाख्या (असम) तक अमृत भारत ट्रेन शुरू होने से छत्तीसगढ़ और पूर्वोत्तर राज्यों के बीच कनेक्टिविटी मजबूत होगी। इससे न केवल व्यापार और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा बल्कि रेलवे को भी राजस्व में बढ़ोतरी की उम्मीद है।
रेलवे को आर्थिक फायदा
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, अमृत भारत ट्रेनें उन रूटों पर चलाई जाएंगी जिनका सफर एक दिन से अधिक का होगा। वहीं वंदे भारत ट्रेनें एक दिन में पूरा होने वाले सफरों के लिए प्रस्तावित हैं। यह नई पहल यात्रियों की सुविधा के साथ-साथ रेलवे के लिए आर्थिक रूप से भी लाभदायक साबित होगी।
