बंद गौठान में चल रहा था महुआ शराब का गुप्त कारखाना — पुलिस की दबिश में बड़ा खुलासा!
बलौदा बाजार। जिले के पलारी थाना क्षेत्र के ग्राम खैरी से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। गांव के बाहर स्थित बंद पड़े गौठान के कमरे में अवैध रूप से महुआ शराब बनाने का कारखाना संचालित किया जा रहा था।
पुलिस को यह जानकारी गोपनीय सूत्रों से मिली, जिसके बाद थाना प्रभारी के नेतृत्व में दबिश दी गई। पुलिस की कार्रवाई देखकर वहां मौजूद आरोपी मौके से फरार हो गए।
छापेमारी के दौरान कमरे से 54 बोरी महुआ पास, 140 लीटर तैयार शराब, गैस सिलेंडर, बड़े बर्तन, और डिस्टिलिंग का पूरा सेटअप बरामद किया गया। यह पूरा सिस्टम स्थानीय स्तर पर शराब उत्पादन के लिए तैयार किया गया था।
इस “गुप्त शराब फैक्ट्री” के खुलासे के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से इस जगह पर संदिग्ध गतिविधियां देखी जा रही थीं, लेकिन अब पुलिस कार्रवाई के बाद पूरा मामला उजागर हुआ है।
पुलिस ने मौके से जब्त किए गए सभी सामान को कब्जे में लेकर, अज्ञात आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
