बस्तर में गरीबों को बांटने भेजा गया फफूंद लगा चावल, 500 क्विंटल अनाज वापस लौटाया

बस्तर में पीडीएस की बड़ी लापरवाही: गरीबों को बांटने भेजा गया फफूंद लगा चावल, 500 क्विंटल अनाज लौटाया गया

जगदलपुर। बस्तर जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) की गंभीर लापरवाही सामने आई है, जहां गरीबों के लिए भेजा गया सरकारी चावल फफूंद लगने के बावजूद पीडीएस दुकानों तक पहुंचा दिया गया। यह मामला तब उजागर हुआ जब जिले की करीब 10 दुकानों पर चावल वितरण के लिए भेजा गया और दुकानदारों ने उसकी गुणवत्ता पर सवाल उठाए।

शिकायत मिलने पर खाद्य विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नागरिक आपूर्ति निगम को सूचना दी। जांच के बाद करीब 500 क्विंटल फफूंद लगा चावल दुकानों से वापस मंगवाया गया। नागरिक आपूर्ति निगम के अधिकारियों ने यह स्वीकार किया कि चावल में फफूंद लगी थी और इसका मुख्य कारण गोदामों में रखरखाव की कमी है।

हालांकि अधिकारियों द्वारा इसे “मामूली फफूंद” बताकर मामले को हल्का दिखाने की कोशिश की जा रही है, लेकिन यह सवाल अब भी बना हुआ है कि आखिर खराब अनाज की जांच महज कागजों तक ही सीमित क्यों रह गई।

यह न केवल पीडीएस की निगरानी प्रणाली की कमजोरियों को उजागर करती है, बल्कि सरकारी अनाज वितरण में लापरवाही और जवाबदेही की भी पोल खोलती है। फिलहाल खाद्य आपूर्ति विभाग इस मामले की जांच की बात कर रहा है, लेकिन यह घटना पीडीएस व्यवस्था की हकीकत को उजागर करती है।

Youthwings