Raipur Accident News: रायपुर के VIP रोड पर बलेनो कार चालक ने मचाया कहर, चेकिंग के दौरान ट्रैफिक जवान को कुचला, घसीटते हुए कार पलटी

Raipur Accident News

Raipur Accident News

रायपुर। Raipur Accident News: राजधानी रायपुर के VIP रोड पर देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। ड्रंक एंड ड्राइव चेकिंग के दौरान तेज़ रफ्तार बलेनो कार ने ट्रैफिक जवान को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि कार जवान को घसीटते हुए आगे तक ले गई और फिर सड़क डिवाइडर से टकराकर पलट गई।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर रात करीब 2 बजे तक पुलिस की टीम शहर में ड्रंक एंड ड्राइव की चेकिंग अभियान चला रही थी। राम मंदिर के सामने पुलिस ने बैरिकेड लगाकर वाहनों की जांच शुरू की थी। इसी दौरान एयरपोर्ट की ओर से आ रही सफेद रंग की बलेनो कार को रोकने के लिए ट्रैफिक आरक्षक हेम कुमार पटेल ने संकेत दिया। लेकिन चालक ने रफ्तार कम करने की बजाय और तेज़ कर दी और सीधा ट्रैफिक जवान को टक्कर मार दी।

तेज़ रफ्तार में आई कार आरक्षक को घसीटते हुए आगे बढ़ी और सड़क डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में आरक्षक हेम कुमार पटेल गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत पचपेड़ी नाका स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाज़ुक बनी हुई है। घायल आरक्षक तेलीबांधा ट्रैफिक थाने में पदस्थ हैं।

पुलिस के मुताबिक, बलेनो कार सिविल लाइन निवासी सिद्धांत दान चला रहा था, जबकि कार में अवंति विहार निवासी आदित्य चौधरी सवार था। दोनों युवक हादसे के दौरान कार पलटने से घायल हुए हैं। बताया जा रहा है कि युवक पुलिस की चेकिंग से बचने के लिए तेज़ी से भागने की कोशिश कर रहे थे, तभी यह बड़ा हादसा हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम का जायजा लिया। फिलहाल तेलीबांधा थाना पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि चालक ने शराब के नशे में कार चलाई थी।

पुलिस ने दोनों के खिलाफ हिट एंड रन, लापरवाही से वाहन चलाने और सरकारी काम में बाधा डालने की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। घटना के बाद पूरे शहर में पुलिस की ड्रंक एंड ड्राइव चेकिंग और सख्त कर दी गई है।

 

Youthwings