Bihar Assembly Election Updates: NDA में सीटों का फॉर्मूला तय, आज दिल्ली में होगा औपचारिक ऐलान
Bihar Assembly Election Live Updates
पटना। Bihar Assembly Election Updates: बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर एनडीए गठबंधन में सीट बंटवारे पर अब सहमति बन चुकी है। सूत्रों के मुताबिक, नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू को 101 सीटें, बीजेपी को 100 सीटें, चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) को 26 सीटें, जीतन राम मांझी की हिंदुस्तान आवाम मोर्चा को 7 सीटें और उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक मोर्चा को 6 सीटें मिली हैं। यानी कुल मिलाकर बिहार में एनडीए का सीट शेयरिंग फॉर्मूला तय हो चुका है। औपचारिक घोषणा आज शाम दिल्ली में की जाएगी।
जेडीयू बनी ‘बिग ब्रदर’
इस बार जेडीयू एनडीए गठबंधन में सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी है। पार्टी 101 सीटों पर चुनाव लड़ेगी जबकि बीजेपी 100 सीटों पर। शेष सीटें एनडीए के अन्य घटक दलों को दी गई हैं। इससे पहले दिल्ली में हुई एनडीए की बैठक में सभी दलों के नेताओं ने फॉर्मूले पर सहमति जताई थी।
LJP में अंतिम निर्णय चिराग पासवान लेंगे
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की सांसद शांभवी चौधरी ने कहा कि सीट बंटवारे को लेकर पार्टी की केंद्रीय संसदीय बोर्ड बैठक हुई, जिसमें चिराग पासवान को अंतिम फैसला लेने का अधिकार दिया गया है। उन्होंने कहा कि “जो भी गठबंधन या सीटों के चयन को लेकर अंतिम फैसला होगा, वह हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान लेंगे।”
एनडीए में तनाव पर विपक्ष का वार
कांग्रेस सांसद रंजीत रंजन ने कहा कि एनडीए के अंदर सीट बंटवारे को लेकर काफी तनाव और सिरफुटव्वल चल रही है। उन्होंने कहा, “हम लोग शांतिपूर्वक तैयारी कर रहे हैं, लेकिन एनडीए में रस्साकशी बहुत ज्यादा है – कोई कुछ कह रहा है, कोई कुछ और।”
बीजेपी विधायक मिश्रीलाल यादव ने दिया इस्तीफा
बीजेपी विधायक मिश्रीलाल यादव ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। 2020 में वीआईपी के टिकट पर जीतने के बाद वे बीजेपी में शामिल हुए थे। अब उनके राजद में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि इस बार पार्टी में उनका टिकट कटना तय था।
दिल्ली में बीजेपी कोर ग्रुप की बैठक
दिल्ली में बीजेपी कोर ग्रुप की बैठक जारी है। इस बैठक में अमित शाह, जेपी नड्डा सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद हैं। बैठक में उम्मीदवारों के नामों पर अंतिम मुहर लगाई जाएगी।
‘NDA में सब कुछ तय’, बोले दिलीप जायसवाल
बिहार भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा, “एनडीए में सीटों की संख्या को लेकर जो खबरें चल रही हैं, वे गलत हैं। घोषणा एनडीए के नेतृत्व द्वारा ही की जाएगी। सब कुछ तय हो चुका है और गठबंधन पूरी एकता के साथ आगे बढ़ रहा है।”
महागठबंधन में भी मचा घमासान
दूसरी ओर, महागठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर तनातनी जारी है। सूत्रों के अनुसार, वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी 20 सीटों की मांग पर अड़े हैं, जबकि आरजेडी-कांग्रेस और वाम दल 12-15 सीटों से अधिक देने को तैयार नहीं हैं। कांग्रेस ने तेजस्वी यादव को 12 अक्टूबर तक का अल्टीमेटम दिया है।
तेजस्वी यादव का छात्रों से संवाद
तेजस्वी यादव ने पटना में छात्रों से मुलाकात की और प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता, पेपर लीक और भर्ती प्रक्रिया में देरी जैसी समस्याओं पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि “सरकार बनने के बाद इन सभी समस्याओं का समाधान किया जाएगा।”
आचार संहिता उल्लंघन पर FIR
भभुआ जिले में चुनाव आचार संहिता उल्लंघन के दो मामलों में प्रशासन ने एफआईआर दर्ज की है। जिला प्रशासन ने कहा कि चुनाव आयोग के निर्देशों का सख्ती से पालन कराया जा रहा है।
जेडीयू सांसद का बेटा RJD में शामिल
बांका जिले की बेलहर सीट से सियासी हलचल तेज हो गई है। जेडीयू सांसद गिरधारी यादव के बेटे चाणक्य प्रकाश रंजन आरजेडी में शामिल हो गए हैं। बताया जा रहा है कि पार्टी उन्हें बेलहर सीट से टिकट दे सकती है।
उपेंद्र कुशवाहा ने दी सफाई
राष्ट्रीय लोक मोर्चा के नेता उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि सीट बंटवारे पर बातचीत अभी जारी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा— “इधर-उधर की खबरों पर मत जाइए। वार्ता पूरी नहीं हुई है। अगर कोई खबर प्लांट कर रहा है तो यह धोखा है।”
दिल्ली रवाना हुए जीतन राम मांझी
हिंदुस्तान आवाम मोर्चा के प्रमुख जीतन राम मांझी पटना से दिल्ली रवाना हो गए हैं। उन्होंने कहा कि एनडीए अनुशासित गठबंधन है और सीटों का फैसला दिल्ली में होना है।
