स्काई वॉक प्रोजेक्ट 7 साल बाद फिर होगा शुरू, रायपुर के अधूरे प्रोजेक्ट को मिले 37.75 करोड़
रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में वर्षों से अधूरा पड़ा स्काई वॉक प्रोजेक्ट अब पूरा होने जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार ने इस महत्वाकांक्षी योजना को फिर से शुरू करने का बड़ा निर्णय लिया है। अधूरे स्काई वॉक का कार्य पूरा करने के लिए सरकार ने 37.75 करोड़ रुपए की स्वीकृति दे दी है।
रमनसिंह के कार्यकाल में शुरू हुआ था प्रोजेक्ट :
यह स्काई वॉक प्रोजेक्ट पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के कार्यकाल में वर्ष 2016-17 में शुरू हुआ था। राजधानी के व्यस्ततम शास्त्री चौक और डॉ. भीमराव अंबेडकर अस्पताल चौक पर पैदल यात्रियों की सुरक्षा और सुगमता के लिए इस प्रोजेक्ट की योजना बनाई गई थी। इन इलाकों में भारी वाहन यातायात के चलते पैदल चलने वालों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था, जिसे ध्यान में रखते हुए स्काई वॉक निर्माण का फैसला लिया गया था।
हालांकि, सरकार बदलने के बाद कांग्रेस की सरकार ने इस प्रोजेक्ट को भ्रष्टाचार से जुड़ा बताते हुए रोक दिया था। इसका न तो निर्माण कार्य आगे बढ़ाया गया और न ही इसे तोड़ा गया, जिससे यह परियोजना पिछले 7-8 वर्षों से अधूरी ही पड़ी रही।
37 करोड़ 75 लाख रुपए की स्वीकृति:
अब एक बार फिर इस अधूरे प्रोजेक्ट को पूरा करने के लिए लोक निर्माण विभाग (PWD) ने 37 करोड़ 75 लाख रुपए की स्वीकृति जारी कर दी है। विभाग ने इस संबंध में आदेश भी जारी कर दिए हैं। जल्द ही निर्माण कार्य दोबारा शुरू होगा, जिससे रायपुरवासियों को ट्रैफिक की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
