Bareilly Internet Suspend Updates: जुमे की नमाज को लेकर बरेली में हाई अलर्ट, इंटरनेट बंद, नेताओं के सियासी बयान तेज
Bareilly Internet Suspend Updates
बरेली। Bareilly Internet Suspend Updates: शुक्रवार की जुमे की नमाज को लेकर बरेली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। बीते हफ्ते हुए बवाल और पत्थरबाजी की घटना के बाद प्रशासन ने पूरे शहर को पांच हिस्सों में बांट दिया है। यहां 13 सर्कल ऑफिसर, 250 इंस्पेक्टर और 2500 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। इसके अलावा पीएसी, पैरामिलिट्री और पुलिस के लगभग 8000 जवान चौकसी कर रहे हैं।
संभावित तनाव को देखते हुए जिले में मोबाइल इंटरनेट, ब्रॉडबैंड और एसएमएस सेवाओं को 48 घंटे के लिए बंद कर दिया गया है। यह आदेश 2 अक्टूबर दोपहर 3 बजे से 4 अक्टूबर दोपहर 3 बजे तक लागू रहेगा। ड्रोन के जरिए लगातार निगरानी की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि हालात सामान्य रहने पर इंटरनेट सेवाएं बहाल की जा सकती हैं।
81 लोग गिरफ्तार
पिछले हफ्ते जुमे की नमाज के बाद मस्जिद के बाहर भीड़ एकत्र हुई थी, जिसमें पत्थरबाजी और लाठीचार्ज हुआ था। इस घटना में कई लोग और पुलिसकर्मी घायल हुए थे। इस हिंसा के मामले में अब तक 81 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
नेताओं के बयान
संभल से सपा सांसद जिया उर रहमान बर्क ने ‘आई लव मोहम्मद’ पोस्टर का समर्थन करते हुए कहा कि इसमें कुछ भी गलत नहीं है। उन्होंने कहा कि जैसे लोग ‘आई लव रामजी’ या ‘आई लव गांधीजी’ कहते हैं, वैसे ही मोहम्मद साहब से मोहब्बत जताना गलत नहीं है। साथ ही उन्होंने बुलडोजर कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि कानून सबके लिए समान होना चाहिए।
कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने झांसी में कहा कि अगर कोई अवैध निर्माण है तो उस पर बुलडोजर चलना चाहिए, लेकिन किसी एक के अपराध की सजा पूरे परिवार को देना न्यायसंगत नहीं है। उन्होंने ‘आई लव मोहम्मद’ पोस्टर विवाद पर कहा कि इस तरह की अभिव्यक्ति में आपत्ति नहीं होनी चाहिए।
मौलाना बरेलवी की अपील
इस बीच ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना मुफ्ती शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने लोगों से शांति की अपील की है। उन्होंने कहा कि जुमे की नमाज अदा करने के बाद लोग सीधे अपने घर और दुकानों पर लौट जाएं। किसी भी भीड़ या विरोध का हिस्सा न बनें और अफवाहों पर ध्यान न दें।
