प्रेम संबंध टूटा तो भड़का जुनूनी प्रेमी, पेट्रोल पंप पर युवती की हत्या

सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। गांधी नगर थाना क्षेत्र के श्री कृपा पेट्रोल पंप पर काम करने वाली युवती की दिनदहाड़े चाकू से हत्या कर दी गई। पूरी घटना का CCTV वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी को धारदार हथियार से युवती पर हमला करते हुए साफ देखा जा सकता है।

वीडियो के मुताबिक आरोपी अपनी बाइक से पेट्रोल पंप पहुंचा और चाकू को स्पीडोमीटर के ऊपर छुपाकर लाया था। मौका मिलते ही उसने युवती पर अचानक हमला कर दिया। युवती ने हमलावर को हथियार निकालते देखा तो जान बचाने के लिए भागी, लेकिन आरोपी ने उसका पीछा करते हुए लगातार कई वार किए। गंभीर रूप से घायल पीड़िता को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

प्रेम संबंध का मामला

पुलिस जांच में पता चला है कि मृतका का नाम विद्यावती है, जो बलरामपुर की रहने वाली थी और रायपुर रोड स्थित पेट्रोल पंप पर काम करती थी। आरोपी जोगेंद्र पैंकरा, कुसमी निवासी है और उसका विद्यावती से प्रेम संबंध था। कुछ समय पहले विद्यावती ने यह रिश्ता खत्म कर दिया था, जिससे आरोपी बौखला गया।

सूत्रों के मुताबिक आरोपी पिछले दो-तीन दिनों से पेट्रोल पंप आता और विद्यावती को मनाने की कोशिश करता था। गुरुवार को भी वह करीब दोपहर 12 बजे पंप पर पहुंचा और जब युवती ने रिश्ता दोबारा जोड़ने से इनकार किया तो उसने चाकू से हमला कर दिया।

बीच-बचाव में कर्मचारी घायल

हमले के दौरान जब एक कर्मचारी ने बीच-बचाव की कोशिश की तो उसे भी हाथ में चोट लगी। लेकिन आरोपी ने बिना रुके वार जारी रखे। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया।

आरोपी गिरफ्तार, केस दर्ज

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की जांच की जा रही है।

यह वारदात न केवल सरगुजा बल्कि पूरे प्रदेश को हिला देने वाली है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है कि उसने वारदात की साजिश कैसे रची और चाकू कहां से लाया।

Youthwings