Actor Vijay Rally Stampede: भगदड़ हादसे पर पहली बार बोले एक्टर विजय, कहा- “ऐसा दर्द कभी नहीं सहा”
Actor Vijay Rally Stampede
Actor Vijay Rally Stampede: तमिलनाडु के करूर में 27 सितंबर को उनकी चुनावी रैली में हुई भगदड़ के दो दिन बाद अभिनेता से नेता बने विजय ने मंगलवार शाम अपनी चुप्पी तोड़ी। इस हादसे में 41 लोगों की मौत हो गई थी जबकि 100 से ज्यादा लोग घायल हुए थे।
विजय का दर्द भरा बयान
विजय ने अपने शोक संदेश में लिखा, “मैंने अपने जीवन में कभी इतनी दर्दनाक स्थिति का सामना नहीं किया। मेरा मन चिंता से भरा हुआ है और दिल गहरे दुख से टूटा है।”
इससे पहले विजय पीड़ित परिवारों के लिए 20 लाख रुपये की आर्थिक मदद की घोषणा कर चुके थे। उन्होंने इस मामले की निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच की मांग करते हुए कहा कि सच्चाई सामने आनी जरूरी है ताकि भविष्य में इस तरह की त्रासदी दोबारा न हो।
अब तक दो गिरफ्तारियां
इस मामले में पुलिस जांच भी तेजी से आगे बढ़ रही है। मंगलवार को पुलिस ने पावुनराज नामक शख्स को गिरफ्तार किया, जो टीवीके पार्टी की ओर से रैली के लिए झंडे और बैनर लगाने की जिम्मेदारी संभाल रहा था। इससे पहले सोमवार को पार्टी के पश्चिमी जिला सचिव मथियाझागन की गिरफ्तारी हुई थी। यानी अब तक इस मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया जा चुका है।
हादसे का कारण
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक रैली के दौरान अचानक बिजली गुल हो गई, जिसके बाद अफरातफरी मच गई। लोग एग्जिट गेट की तरफ भागने लगे और भगदड़ में महिलाएं व बच्चे दब गए। इस त्रासदी में 41 लोगों की मौत हो गई और 110 लोग घायल हुए। इनमें से अब तक 51 लोग अस्पताल से डिस्चार्ज हो चुके हैं, जबकि बाकी घायलों का इलाज जारी है।
सीएम स्टालिन का बयान
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए न्यायिक जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने लोगों से संयम बरतने की अपील करते हुए कहा, “गैर-जिम्मेदाराना बयान और अफवाहें शोकग्रस्त परिवारों के जख्म और गहरे कर देंगी।”
विपक्ष का हमला
वहीं, अन्नाद्रमुक नेता एडप्पादी के. पलानीस्वामी ने इस घटना को प्रशासनिक विफलता बताया और सत्तारूढ़ द्रमुक सरकार से जवाबदेही की मांग की। उन्होंने कहा कि सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि सुरक्षा प्रोटोकॉल क्यों नहीं अपनाए गए और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था इतनी कमजोर क्यों रही।
