प्रेम कहानी का खूनी अंत! अबॉर्शन के दबाव से नाराज़ नाबालिग प्रेमिका, किया बॉयफ्रेंड का कत्ल

रायपुर। राजधानी रायपुर में प्यार का रिश्ता खूनी अंजाम तक पहुंच गया। 16 साल की नाबालिग लड़की ने अपने प्रेमी की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। यह सनसनीखेज वारदात 28 सितंबर को गंज थाना क्षेत्र स्थित एक लॉज में हुई। घटना के बाद इलाके में दहशत और हैरानी का माहौल है।

गर्भवती थी लड़की, अबॉर्शन को लेकर विवाद

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी लड़की 3 महीने की गर्भवती थी। मृतक मोहम्मद सद्दाम, जो मूल रूप से बिहार का रहने वाला था और रायपुर के पास अभनपुर में एक एमएस इंजीनियरिंग ऑफिसर के रूप में काम करता था, शादी करने के लिए तैयार नहीं था। वह लगातार प्रेमिका पर अबॉर्शन का दबाव बना रहा था। इसी मुद्दे पर दोनों के बीच विवाद गहराता चला गया।

हत्या की वारदात

घटना वाले दिन दोनों अवॉन लॉज में ठहरे थे। पुलिस के अनुसार सोमवार को जब सद्दाम सो रहा था, तभी आरोपी लड़की ने गुस्से में आकर धारदार हथियार से उसका गला रेत दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद लड़की ने कमरे की चाबी रेलवे ट्रैक पर फेंक दी और सद्दाम का मोबाइल लेकर बिलासपुर स्थित अपने घर लौट गई। वहां उसने अपनी मां को पूरी घटना बताई। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।

पहले भी हो चुका था झगड़ा

पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि कुछ दिन पहले लॉज के बाहर दोनों के बीच मारपीट हुई थी। उस दौरान सद्दाम ने लड़की को चाकू दिखाकर धमकाया भी था। इससे उनके रिश्ते में तनाव और बढ़ गया था।

पुलिस की जांच

गंज थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। फिलहाल आरोपी लड़की से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हत्या अचानक गुस्से में की गई या यह पहले से रची गई साजिश थी।

इस वारदात के सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस मृतक के परिवार से भी संपर्क करने का प्रयास कर रही है।

 

Youthwings