Prashant Kishor on Ashok Choudhary: प्रशांत किशोर का अशोक चौधरी पर बड़ा आरोप -“200 करोड़ की संपत्ति, अब दें इस्तीफा”
Prashant Kishor on Ashok Choudhary
Prashant Kishor on Ashok Choudhary: जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर (PK) ने बिहार सरकार में मंत्री अशोक चौधरी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि उन्होंने 200 करोड़ रुपये की संपत्ति अर्जित की है। रविवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पीके ने दावा किया कि अशोक चौधरी ने पहले कैमरे पर कहा था कि यदि उनके पास एक कट्ठा भी जमीन पाई गई तो वह जन सुराज की “गुलामी” करेंगे। पीके ने जमीन के दस्तावेज सार्वजनिक करने का दावा किया और कहा कि अगर चौधरी के पास जमीन है तो उन्हें तुरंत मंत्री पद से इस्तीफा देना चाहिए और बिहार की जनता से माफी मांगनी चाहिए।
कानूनी कार्रवाई और नोटिस पर चेतावनी
प्रशांत किशोर ने बताया कि वे इस मामले को राज्यपाल और कोर्ट तक ले जाएंगे। उन्होंने खुलासा किया कि अशोक चौधरी ने उन्हें 100 करोड़ रुपये की मानहानि का नोटिस भेजा था, लेकिन अब खुद कानूनी कार्रवाई से पीछे हट रहे हैं। पीके ने चेतावनी दी कि अगर पांच दिन के भीतर चौधरी यह नोटिस वापस नहीं लेते, तो वे 500 करोड़ रुपये की और अवैध संपत्ति का खुलासा करेंगे। साथ ही कहा कि यदि सात दिन में चौधरी सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते कि उन्होंने झूठा नोटिस दिया था, तो और बड़े सबूत पेश किए जाएंगे।
5% कमीशन और वैभव विकास ट्रस्ट पर सवाल
पीके ने आरोप लगाया कि अशोक चौधरी ने 20,000 रुपये से ऊपर के सभी सरकारी कॉन्ट्रैक्ट्स में 5% कमीशन लिया है। उन्होंने कहा कि यदि मंत्री माफी नहीं मांगते तो वे उन लोगों के नाम भी उजागर करेंगे जिन्होंने यह कमीशन दिया है। इसके अलावा पीके ने “वैभव विकास ट्रस्ट” पर भी सवाल उठाए। उनका दावा है कि मंत्री की बेटी की सगाई के बाद पिछले एक साल में इस ट्रस्ट ने 100 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति खरीदी है।
पीके ने मांग की कि ट्रस्ट से जुड़े सदस्य—जिनमें जिया लाल आर्य, अनीता कुणाल (किशोर कुणाल की पत्नी) और मुख्य सचिव की सास शामिल हैं—प्रेस के सामने आकर यह बताएं कि इतनी बड़ी संपत्ति खरीदने के लिए पैसा कहां से आया।
