Chhattisgarh Morning News: कैबिनेट मीटिंग, गोदावरी धरना और सांस्कृतिक आयोजन, पढ़ें दिनभर का शेड्यूल
Chhattisgarh Morning News
Chhattisgarh Morning News: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर और आसपास के इलाकों में आज कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम और आयोजन होने जा रहे हैं। आइए जानते हैं दिनभर की प्रमुख गतिविधियों के बारे में—
सीएम साय की अध्यक्षता में कल कैबिनेट बैठक
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 30 सितंबर को दोपहर 3:30 बजे रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में कैबिनेट बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इस बैठक में मुख्य सचिव अमिताभ जैन को विदाई दी जाएगी और नए मुख्य सचिव विकासशील का स्वागत होगा।
पीसीसी चीफ दीपक बैज की प्रेसवार्ता
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज आज प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। उम्मीद है कि वे “वोट छोड़ गढ़ी छोड़” अभियान और संगठन में होने वाले बदलावों को लेकर महत्वपूर्ण घोषणा करेंगे।
गोदावरी इस्पात संयंत्र पर धरना-प्रदर्शन
रायपुर के सिलतरा स्थित गोदावरी पावर एवं इस्पात लिमिटेड में 26 सितंबर को हुए हादसे को लेकर पूर्व विधायक देवजी भाई पटेल और जिला पंचायत रायपुर की सभापति सरोज चंद्रवंशी ने राज्यपाल, मुख्यमंत्री और कलेक्टर को पत्र लिखकर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। घायलों को उचित मुआवजा और आश्रितों को नौकरी देने की मांग को लेकर आज सुबह 11 बजे संयंत्र के गेट नंबर 2 पर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन होगा। मांग पूरी न होने पर चक्काजाम की चेतावनी भी दी गई है।
विवेकानंद नगर में नवपद ओली आराधना
जैन श्वेतांबर मूर्तिपूजक समाज, विवेकानंद नगर में आज से नौ दिवसीय नवपद ओली आराधना शुरू हो रही है। उपाध्याय भगवंत आध्यात्म योगी महेंद्र सागर महाराज और उपाध्याय प्रवर युवा मनीषी मनीष सागर महाराज के सान्निध्य में यह कार्यक्रम चलेगा। सुबह 6 बजे स्नात्र पूजा और 8:30 बजे प्रवचन का आयोजन होगा।
शिक्षक सम्मान समारोह
मंत्री लखनलाल देवांगन आज दोपहर 3 बजे कोरबा कलेक्टोरेट सभागार में शिक्षक सम्मान समारोह में शामिल होंगे। इसके बाद वे शाम 4 बजे रायपुर के लिए रवाना होंगे और शाम 7 बजे तक राजधानी पहुंचेंगे।
बाराडेरा तुलसी में ध्यान-योग शिविर
सद्गुरु कबीर संस्थान, बाराडेरा तुलसी में 28 सितंबर से 2 अक्टूबर तक ध्यान-योग शिविर आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य बच्चों में भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों, भक्ति, ध्यान और योग की भावना को बढ़ावा देना है। यहां सत्संग, आध्यात्मिक चर्चा और खेलकूद जैसी गतिविधियां होंगी।
रायपुर में सांस्कृतिक कार्यक्रम
-
रास गरबा उत्सव: गुढ़ियारी रास गरबा उत्सव समिति द्वारा मारुति मंगलम भवन गुढ़ियारी में शाम 7 बजे से।
-
देवियों की चैतन्य झांकी: प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा शांति सरोवर रिट्रीट सेंटर, विधानसभा मार्ग सड्डू में शाम 6 बजे से रात 10 बजे तक।
