अभिनेता से नेता बने विजय की रैली में अफरा-तफरी, पुलिस ने किया लाठीचार्ज.. 30 से अधिक लोगों की मौत की आशंका

करुर (तमिलनाडु)। अभिनेता से नेता बने टीवी के प्रमुख विजय की रैली में शुक्रवार को भारी भीड़ के बीच भगदड़ मच गई। अफरा-तफरी में कई लोग दबने से बेहोश हो गए और दर्जनों को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, 31 से अधिक लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया, जिससे स्थिति और बिगड़ गई।

विजय को रोकना पड़ा भाषण

करुर में हो रही इस रैली के दौरान भीड़ इतनी ज्यादा थी कि कई पार्टी कार्यकर्ता और बच्चे दबाव में आकर गिर पड़े। कई लोग बेहोश हो गए, जिसके बाद विजय को अपना भाषण बीच में रोकना पड़ा। उन्होंने मंच से लोगों से शांति बनाए रखने और एंबुलेंस के लिए रास्ता खाली करने की अपील की।

मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने दी त्वरित कार्रवाई के निर्देश

घटना पर मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने गहरी चिंता जताई। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि करुर से आ रही खबर बेहद चिंताजनक है।

  • स्टालिन ने पूर्व मंत्री वी. सेंथिल बालाजी, स्वास्थ्य मंत्री मा. सुब्रमणियन और जिला कलेक्टर को घायलों को तत्काल इलाज उपलब्ध कराने का आदेश दिया।
  • तिरुचिरापल्ली जिले के मंत्री को भी मदद के लिए तैनात किया गया।
  • एडीजीपी को मौके पर हालात संभालने के निर्देश दिए गए।
    मुख्यमंत्री ने जनता से डॉक्टरों और पुलिस का सहयोग करने की अपील की।

मंत्री और अधिकारी पहुंचे अस्पताल

घटना की गंभीरता देखते हुए डीएमके मंत्री सेंथिल बालाजी और करुर के जिला कलेक्टर तुरंत अस्पताल पहुंचे। घायलों के उपचार के लिए मेडिकल टीमों को मौके पर तैनात किया गया और भीड़ में पानी की बोतलें वितरित की गईं।

9 साल की बच्ची लापता

रिपोर्ट के अनुसार भगदड़ के बीच 9 साल की बच्ची के लापता होने की भी खबर है। विजय ने पुलिस और अपने कार्यकर्ताओं से बच्ची को ढूंढने में मदद करने की अपील की।

रैली में विजय का राजनीतिक बयान

घटना से पहले विजय ने अपने भाषण में डीएमके सरकार पर अप्रत्यक्ष हमला किया। उन्होंने कहा कि डीएमके ने करुर में हवाई अड्डा बनाने का वादा किया था, लेकिन बाद में केंद्र से सुविधा दिलाने की मांग की।
विजय ने दावा किया कि छह महीने में तमिलनाडु की राजनीतिक तस्वीर बदलेगी और सत्ता परिवर्तन देखने को मिलेगा। यह रैली 2026 विधानसभा चुनाव से पहले उनके राज्यव्यापी अभियान का हिस्सा थी।

Youthwings