गरबा में मुस्लिम छात्राओं ने लगाया भेदभाव का आरोप, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

कोटा। राजस्थान के कोटा में नवरात्रि के दौरान आयोजित एक गरबा कार्यक्रम में मुस्लिम लड़कियों को एंट्री न देने का मामला तूल पकड़ रहा है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में दो मुस्लिम छात्राएं आरोप लगाती दिख रही हैं कि धर्म के आधार पर उन्हें कार्यक्रम में प्रवेश से रोक दिया गया।

टिकट होने के बावजूद रोका

यह घटना 26 सितंबर की बताई जा रही है। छात्राओं का कहना है कि उन्होंने 56 भोग गरबा कार्यक्रम का टिकट खरीदा था। इसके बावजूद कार्यक्रम स्थल पर उन्हें यह कहकर रोक दिया गया कि गैर-हिंदुओं को प्रवेश नहीं मिलेगा। छात्राओं ने आरोप लगाया कि टिकट पर इस तरह की कोई शर्त लिखी नहीं थी और पहले से भी कोई जानकारी नहीं दी गई।

धनवापसी से भी किया इनकार

लड़कियों के मुताबिक, जब उन्होंने पैसे लौटाने की मांग की, तो आयोजन समिति ने मना कर दिया और टिकट बेचने वाले व्यक्ति से भी संपर्क नहीं हो सका। छात्राओं ने कहा कि टिकट बेचते समय किसी ने उनके धर्म को लेकर कोई आपत्ति नहीं जताई, लेकिन कार्यक्रम में पहुंचने पर धर्म के कारण रोक दिया गया।

वीडियो वायरल, लोगों की प्रतिक्रियाएं

इस पूरे विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है। कई लोग इसे धार्मिक भेदभाव बताते हुए नाराज़गी जता रहे हैं, तो कुछ लोग आयोजकों के समर्थन में भी कमेंट कर रहे हैं।

पुलिस ने कार्रवाई का दिया भरोसा

मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कोटा सिटी पुलिस ने कहा कि प्रभावित लोग 9468800005 नंबर पर शिकायत दर्ज कर सकते हैं।

 

Youthwings