India vs Bangladesh Asia Cup 2025: भारत ने बांग्लादेश को 41 रनों से हराया, एशिया कप में भारत का दबदबा बरकरार
India vs Bangladesh Asia Cup 2025
India vs Bangladesh Asia Cup 2025: एशिया कप 2025 के सुपर-फोर मुकाबले में भारत ने बांग्लादेश को 41 रनों से हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। 169 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए बांग्लादेश 127 रन ही बना सका। सैफ हसन की दमदार 69 रनों की पारी भी टीम को जीत नहीं दिला पाई। भारतीय स्पिन गेंदबाजों ने एक बार फिर कमाल दिखाया—कुलदीप यादव ने 3 विकेट और वरुण चक्रवर्ती ने 2 विकेट अपने नाम किए।
भारत की मजबूत शुरुआत
टॉस जीतने के बाद बांग्लादेश ने भारत को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल ने पावरप्ले में 72 रनों की तेज़ साझेदारी की। गिल 29 रन बनाकर आउट हुए, जबकि अभिषेक 37 गेंदों में 75 रन बनाकर रनआउट हो गए। उनके आउट होने के बाद भारतीय पारी की गति थोड़ी धीमी पड़ गई और 20 ओवर में टीम 168/6 तक ही पहुंच पाई।
सूर्यकुमार यादव ने बताई गलती
मैच के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव ने माना कि बल्लेबाजी क्रम में लिया गया एक फैसला उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। उन्होंने कहा,
“इस टूर्नामेंट में हमें पहले बल्लेबाजी का ज़्यादा मौका नहीं मिला। हमने प्लान बनाया था कि शिवम दुबे 7 से 15 ओवर के बीच स्पिनर्स के खिलाफ रन बनाएंगे, लेकिन यह रणनीति सफल नहीं रही। अगर आउटफील्ड थोड़ी तेज होती तो हम 180-185 तक स्कोर कर सकते थे। फिर भी हमारी गेंदबाजी इतनी मजबूत है कि 12-14 अच्छे ओवर डालकर हम ज्यादातर मैच जीत सकते हैं।”
फाइनल की ओर भारत
इस जीत के साथ भारत ने दो मैचों में चार अंक हासिल कर पॉइंट्स टेबल में पहला स्थान पा लिया। अब 25 सितंबर को पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच होने वाला मुकाबला फाइनल की दूसरी टीम तय करेगा।
