Chhattisgarh Liquor Scam: 28 आबकारी अधिकारियों को EOW कोर्ट से जमानत, सौम्या चौरसिया की 16 संपत्तियां कुर्क

छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार और अनुपातहीन संपत्ति के मामलों पर आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) ने बड़ी कार्रवाई की है। आईएएस अफसर सौम्या चौरसिया की करीब 8 करोड़ रुपये मूल्य की 16 संपत्तियों की कुर्की का आदेश जारी किया गया है। वहीं बहुचर्चित शराब घोटाले के मामले में 28 आबकारी अधिकारियों को जमानत मिली है। आइए जानते हैं पूरा मामला।

सौम्या चौरसिया पर गंभीर आरोप

ईओडब्ल्यू ने न्यायालय की अनुमति के बाद यह कार्रवाई की। जांच में सामने आया कि सौम्या चौरसिया ने अपने करीबियों के नाम पर 47 करोड़ रुपये मूल्य की 45 अचल संपत्तियां खरीदीं। इससे पहले प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने कोयला लेवी और अन्य भ्रष्ट स्रोतों से अर्जित 39 करोड़ रुपये की 29 संपत्तियां पहले ही कुर्क कर रखी हैं। ईओडब्ल्यू का कहना है कि आगे भी भ्रष्ट अधिकारियों की अनुपातहीन संपत्तियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

शराब घोटाले में 28 अधिकारी जमानत पर

छत्तीसगढ़ के चर्चित शराब घोटाले में 28 आबकारी अधिकारियों को ईओडब्ल्यू कोर्ट से जमानत मिल गई। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बाद सभी अधिकारी अग्रिम जमानत के कागजात लेकर कोर्ट पहुंचे थे। अदालत ने प्रत्येक अधिकारी को 1-1 लाख रुपये के निजी मुचलके पर जमानत दी।

3,200 करोड़ का घोटाला, 90 करोड़ की अवैध वसूली

ईओडब्ल्यू की जांच में 3,200 करोड़ रुपये के शराब घोटाले का खुलासा हुआ। इसमें 29 आबकारी अफसर आरोपी बनाए गए, जिनमें से 7 रिटायर हो चुके हैं और 22 अधिकारियों को राज्य सरकार ने निलंबित किया है। आरोप है कि 2019 से 2023 के बीच इन अधिकारियों ने करीब 90 करोड़ रुपये की अवैध वसूली की।

सुप्रीम कोर्ट से मिली राहत

हाईकोर्ट से 18 अगस्त को अग्रिम जमानत याचिका खारिज होने के बाद अधिकारियों ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की थी। सुनवाई के बाद सुप्रीम कोर्ट ने सभी को शर्तों के साथ राहत दी।

 

Youthwings