Morning News : सीएम विष्णु देव साय के आज के कार्यक्रम, कांग्रेस CWC की विस्तारित बैठक, कांग्रेस संगठन सृजन – 17 ऑब्जर्वर नियुक्त, छत्तीसगढ़ मौसम अपडेट
Morning News : आज मुख्यमंत्री विष्णु देव साय राजधानी रायपुर में कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे। वे सबसे पहले वीआईपी रोड स्थित Chhattisgarh Care Connect कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। इसके बाद वे राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) स्थापना दिवस एवं सम्मान समारोह में भी शामिल होंगे।
पटना में कांग्रेस CWC की विस्तारित बैठक
पटना में आज कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) की विस्तारित बैठक आयोजित होगी। इस बैठक में छत्तीसगढ़ से नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, पीसीसी चीफ दीपक बैज, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। बिहार चुनाव सहित अन्य राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
नवरात्रि का तीसरा दिन – माता चंद्रघंटा की आराधना
आज शारदीय नवरात्रि का तीसरा दिन है, जो माता चंद्रघंटा को समर्पित है। माता की पूजा-अर्चना से सुख और समृद्धि प्राप्त होती है। रायपुर सहित प्रदेशभर के मंदिरों में सुबह से ही भक्तों की भीड़ उमड़ रही है।
कांग्रेस संगठन सृजन – 17 ऑब्जर्वर नियुक्त
छत्तीसगढ़ कांग्रेस में संगठन सृजन की प्रक्रिया के तहत 17 ऑब्जर्वर नियुक्त किए गए हैं। पहली बार जिलाध्यक्षों का चयन दिल्ली से आए ऑब्जर्वरों की मौजूदगी में होगा। चुने गए जिलाध्यक्षों को व्यापक अधिकार दिए जाएंगे।
1106 नए व्याख्याताओं के लिए काउंसिलिंग कल से
स्कूल शिक्षा विभाग ने 1106 शिक्षकों के व्याख्याता पद पर पदोन्नति का आदेश जारी किया है। ओपन काउंसिलिंग 25 से 28 सितंबर तक शासकीय शिक्षा महाविद्यालय परिसर, शंकर नगर रायपुर में होगी। पहले दिन संस्कृत और गणित विषय के लिए काउंसिलिंग दो पालियों में होगी।
छत्तीसगढ़ मौसम अपडेट
राज्य में आज मौसम का मिजाज बदल सकता है। कई स्थानों पर बारिश की संभावना है। राजधानी रायपुर में सुबह से ही बादल छाए हैं और हल्की बूंदाबांदी भी हुई है। मौसम विभाग ने मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ में भारी बारिश के साथ गरज-चमक की चेतावनी दी है।
कृषि भूमि रजिस्ट्री पर नई व्यवस्था लागू
छत्तीसगढ़ सरकार ने अब पांच डिसमिल (लगभग 2200 वर्गफीट) से कम कृषि भूमि की रजिस्ट्री पर रोक लगा दी है। विधानसभा में पारित विधेयक को राज्यपाल की मंजूरी मिलने के बाद यह कानून अब प्रभावी हो गया है।
डीएसपी याकूब मेमन को अग्रिम जमानत
बलरामपुर में तैनात पुलिस अधिकारी याकूब मेमन के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज होने के बाद रायपुर सत्र न्यायालय ने उन्हें अग्रिम जमानत दे दी है। यह मामला महिला की शिकायत पर दर्ज हुआ था, जबकि मेमन ने पहले महिला पर ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया था। दोनों पक्षों की सुनवाई के बाद अदालत ने यह राहत प्रदान की।
