EOW-ACB की बड़ी कार्रवाई: सौम्या चौरसिया की 8 करोड़ की 16 अचल संपत्तियां कुर्क
EOW-ACB
रायपुर: छत्तीसगढ़ में आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) और भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की टीम ने भ्रष्टाचार से अर्जित संपत्तियों के मामले में सौम्या चौरसिया के खिलाफ महत्वपूर्ण कार्रवाई की है। एजेंसी ने 8 करोड़ रुपये मूल्य की 16 अचल संपत्तियों को कुर्क करने का आदेश जारी किया है। ये संपत्तियां कथित तौर पर भ्रष्टाचार के जरिए अर्जित की गई हैं।
आरोप: बेनामी नामों पर खरीदी गई संपत्तियां
EOW-ACB की टीम ने प्रेस नोट जारी कर बताया कि सौम्या चौरसिया के खिलाफ धारा 13(1)बी और 13(2) के तहत भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम, 1988 के तहत मामला दर्ज है। जांच में पाया गया कि सौम्या ने करीब 45 अचल संपत्तियां, जिनकी कुल कीमत लगभग 47 करोड़ रुपये है, अपने करीबी रिश्तेदारों के नाम से खरीदी थीं। इनमें सौरभ मोदी, अनुराग चौरसिया और अन्य शामिल हैं।
कोयला लेवी और अन्य अवैध स्रोतों से प्राप्त धनराशि का उपयोग कर खरीदी गई इन संपत्तियों में से पहले ही प्रवर्तन निदेशालय ने 29 अचल संपत्तियों को, जिनकी कीमत लगभग 39 करोड़ रुपये है, कुर्क कर दिया था।
विशेष न्यायालय ने दिया अंतरिम कुर्की आदेश
ब्यूरो ने शेष 16 संपत्तियों की जांच कर पाया कि ये भ्रष्ट माध्यमों से अर्जित की गई हैं। इसके बाद 16 जून 2025 को विशेष न्यायालय में इन संपत्तियों की कुर्की के लिए आवेदन प्रस्तुत किया गया। न्यायालय ने 22 सितंबर 2025 को 8 करोड़ रुपये मूल्य की इन 16 संपत्तियों को अंतरिम रूप से कुर्क करने का आदेश जारी किया।
