छुट्टी से लौट रहे CRPF जवानों की बस पलटी, 4 यात्री गंभीर घायल.. ड्राइवर फरार

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में शुक्रवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। रायपुर से ड्यूटी पर लौट रहे सीआरपीएफ जवानों से भरी यात्री बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में चार यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक जवान के हाथ में चोट आई है। सभी घायलों को इलाज के लिए दल्लीराजहरा के शहीद अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, लगभग 16 सीआरपीएफ जवान छुट्टी बिताने के बाद रायपुर से भोपालपट्टनम कैंप की ओर लौट रहे थे। जवान पायल ट्रेवल्स की यात्री बस में सफर कर रहे थे, जिसमें करीब 15 अन्य यात्री भी सवार थे। हादसा दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र के शिकारीटोला गांव के पास रात करीब 12:15 बजे हुआ, जब बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई।

बस में मौजूद एएसआई सुभाष सिंह सहित सभी जवानों को हादसे के बाद सुरक्षित बाहर निकाला गया। हालांकि चार यात्री गंभीर रूप से घायल हुए और एक जवान के हाथ में गहरी चोट आई है। दुर्घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। हादसे के दौरान सीआरपीएफ जवानों का सामान और मोबाइल बस के नीचे दब गया, जिन्हें निकालने का प्रयास जारी है। पुलिस ने बस चालक की तलाश शुरू कर दी है और मामले की जांच चल रही है।

Youthwings