Chhattisgarh Morning News: आज रायपुर में सीएम साय का व्यस्त कार्यक्रम, NHM कर्मचारियों की हड़ताल खत्म, बढ़े बिजली बिल पर कांग्रेस का हमला, राजधानी में कई सांस्कृतिक आयोजन
Chhattisgarh Morning News
रायपुर | Chhattisgarh Morning News: छत्तीसगढ़ की राजधानी में शनिवार को कई अहम कार्यक्रम और घटनाएं होने जा रही हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज रायपुर में आयोजित अलग-अलग आयोजनों में शामिल होंगे। सुबह 10:55 बजे वे मुख्यमंत्री निवास, नवा रायपुर अटल नगर पहुंचेंगे, जहां 11:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक उनका कार्यक्रम निर्धारित है। शाम 6:00 बजे वे जेरी-खेड़ी जाएंगे और वहां 350वीं शहीदी शताब्दी वर्ष नगर कीर्तन यात्रा में शामिल होंगे।
NHM कर्मचारियों की हड़ताल खत्म
लगभग एक महीने से अपनी 10 सूत्रीय मांगों को लेकर हड़ताल पर चल रहे एनएचएम कर्मचारी आज से काम पर लौटेंगे। 18 अगस्त से जारी अनिश्चितकालीन हड़ताल शुक्रवार को खत्म हुई। सरकार ने कर्मचारियों की 5 मांगों को मान लिया है। इसके बाद एनएचएम कर्मचारी प्रतिनिधि मंडल ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर काम पर लौटने की सहमति दी।
बिजली बिल पर कांग्रेस का हमला
प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने बढ़े बिजली बिलों को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बढ़ा हुआ बिजली बिल सरकार की प्रायोजित लूट है। कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा सरकार की मुनाफाखोरी नीति के कारण बिजली उपभोक्ताओं का बिल औसतन दुगुना हो गया है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय शुरू की गई बिजली बिल हॉफ योजना से हर उपभोक्ता को 40-50 हजार रुपये तक की बचत होती थी, जिसे भाजपा सरकार ने बंद कर दिया। साथ ही स्मार्ट मीटर ज्यादा रीडिंग दिखा रहे हैं, जिससे बिल बढ़ रहा है।
कृषि मंत्री गुजरात दौरे से लौटेंगे
कृषि मंत्री रामविचार नेताम आज गुजरात से रायपुर लौटेंगे। वे अहमदाबाद में राइजिंग एग्री समिट में शामिल होने और प्रोसेसिंग प्लांट का निरीक्षण करने गए थे। इस दौरान उन्होंने कृषि विशेषज्ञों और नीति निर्माताओं से चर्चा की।
राजधानी रायपुर में आज के प्रमुख आयोजन
-
चौसर प्रतियोगिता: ग्राम नगपुरा, कौशल्या धाम के पास, सुबह से। विजेताओं को 6001 रुपये तक का नकद पुरस्कार और शील्ड।
-
ट्रेजर हंट: छत्तीसगढ़ी दाऊ अग्रवाल समाज, अग्रवाल भवन, पुरानी बस्ती, समय – सुबह 11 बजे।
-
गरबा वर्कशॉप: महाराष्ट्र मंडल व रास डांस स्टूडियो, महाराष्ट्र मंडल भवन चौबे कॉलोनी, समय – शाम 6 बजे।
-
हिंद युग्म उत्सव: कहानी, कविता, संगीत और कला का संगम, पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम, समय – सुबह 11 बजे।
-
झंकार: शास्त्रीय और अन्य नृत्य प्रस्तुतियां, लायंस क्लब रायपुर शिखर, वृंदावन हॉल सिविल लाइन, समय – दोपहर 3 बजे।
-
राष्ट्रीय कला प्रदर्शनी: महाकोशल कला परिषद, महाकोशल कला वीथिका, समय – शाम 6 बजे।
