अमेरिका में 7.4 तीव्रता का भूकंप! साउथ अमेरिका-अंटार्कटिका के बीच जोरदार झटके! क्या आएगी सुनामी?
अमेरिका के ड्रेक पैसेज क्षेत्र में शुक्रवार सुबह शक्तिशाली भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 7.4 दर्ज की गई है। नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी (NCS) के मुताबिक, भूकंप भारतीय समयानुसार सुबह 07 बजकर 46 मिनट 22 सेकंड पर आया।
36 किलोमीटर की गहराई पर रहा केंद्र
भूकंप का केंद्र धरती की सतह से 36 किलोमीटर नीचे रहा। इसका स्थान अक्षांश 60.26 दक्षिण और देशांतर 61.85 पश्चिम यानी ड्रेक पैसेज पर दर्ज किया गया। इस इलाके को भूकंपीय गतिविधियों के लिए संवेदनशील माना जाता है, क्योंकि यह दक्षिण अमेरिकी और अंटार्कटिक टेक्टोनिक प्लेटों के जंक्शन पर स्थित है।
पहले बताया गया था 8.0 तीव्रता का भूकंप
शुरुआती रिपोर्ट में अमेरिकी भूगर्भीय सर्वेक्षण (USGS) ने भूकंप की तीव्रता 8.0 बताई थी, लेकिन बाद में इसे संशोधित कर 7.4 कर दिया गया। इस भूकंप के बाद सुनामी का खतरा जताया गया है। हालांकि, अब तक किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है।
रिक्टर स्केल और असर
भूकंप की ताकत को रिक्टर स्केल से मापा जाता है। यह स्केल 0 से 9 तक होती है और प्रत्येक स्तर का असर अलग-अलग होता है।
- 0 से 1.9 : सिर्फ सीज्मोग्राफ से ही पता चलता है।
- 2 से 2.9 : हल्का कंपन।
- 3 से 3.9 : ट्रक गुजरने जैसा असर।
- 4 से 4.9 : खिड़कियां टूट सकती हैं, दीवारों पर टंगी चीजें गिर सकती हैं।
- 5 से 5.9 : फर्नीचर हिल सकता है।
- 6 से 6.9 : इमारतों की नींव दरक सकती है, ऊपरी मंजिलों को नुकसान।
- 7 से 7.9 : इमारतें गिर सकती हैं, जमीन के अंदर पाइप फट सकते हैं।
- 8 से 8.9 : इमारतें और बड़े पुल ढह सकते हैं, सुनामी का खतरा बढ़ जाता है।
- 9 और उससे ज्यादा : पूरी तबाही, धरती लहराती हुई महसूस होती है और समुद्र नजदीक हो तो सुनामी तय।
विशेषज्ञों का कहना है कि 7.4 तीव्रता का भूकंप भी काफी शक्तिशाली माना जाता है। इसका असर समुद्री इलाकों और नजदीकी तटीय क्षेत्रों पर गंभीर हो सकता है।
