CG Morning News : सीएम विष्णुदेव साय का विदेश दौरा, कर्मचारी आज से आंदोलन पर, मरीजों की जान से खिलवाड़, बुनकर प्रकोष्ठ का राष्ट्रीय अधिवेशन

Chhattisgarh Morning News

Chhattisgarh Morning News

Raipur : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज से जापान और दक्षिण कोरिया के आधिकारिक दौरे पर रवाना होंगे। टोक्यो में वे जापानी उद्योगपतियों, व्यापार संघों और निवेशकों से दो दिनों तक मुलाकात करेंगे। इसके बाद 25 और 26 अगस्त को वे ओसाका में वर्ल्ड एक्सपो 2025 में शामिल होंगे। दौरे का अंतिम चरण 27 से 29 अगस्त तक सियोल में रहेगा, जहां वे निवेशक गोलमेज बैठकों और कोरिया की शीर्ष कंपनियों से चर्चा करेंगे। इस दौरे को राज्य में विदेशी निवेश आकर्षित करने की बड़ी पहल माना जा रहा है।

कर्मचारी आज से आंदोलन पर
छत्तीसगढ़ कर्मचारी संघ ने आज से चरणबद्ध आंदोलन की शुरुआत कर दी है। पहले चरण में कमलबंद आंदोलन होगा, इसके बाद बेमुद्दत हड़ताल की तैयारी है। फेडरेशन द्वारा घोषित 11 सूत्रीय मांगों को लेकर यह आंदोलन किया जा रहा है। खास बात यह है कि इस बार आंदोलन को राजपत्रित अधिकारियों का भी समर्थन मिल गया है। अगर मांगें पूरी नहीं हुईं तो अक्टूबर में कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जा सकते हैं।

मरीजों की जान से खिलवाड़, अमानक दवाओं पर रोक
प्रदेश में अमानक दवाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉरपोरेशन (सीजीएमएससी) ने एक बार फिर 3 दवाओं पर रोक लगाई है। इनमें पेरासिटामोल 650 एमजी, पेरासिटामोल 500 एमजी और एसिक्लोफिनेक 100 एमजी + पेरासिटामोल 325 एमजी शामिल हैं। इन दवाओं के उपयोग और वितरण पर रोक लगाने के आदेश जारी कर दिए गए हैं। इससे पहले भी दर्जनभर से ज्यादा दवाओं, सर्जिकल ब्लेड और ग्लव्स तक पर रोक लग चुकी है।

कल से बुनकर प्रकोष्ठ का राष्ट्रीय अधिवेशन
रायपुर के जैनम भवन में 23 और 24 अगस्त को बुनकर प्रकोष्ठ का राष्ट्रीय अधिवेशन आयोजित होगा। इस कार्यक्रम में देशभर से बुनकर प्रतिनिधि शामिल होंगे। अधिवेशन के दौरान बुनकरों की समस्याओं और उनके समाधान पर चर्चा होगी।

राष्ट्रीय खेल दिवस पर विशेष कार्यक्रम
29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस पर छत्तीसगढ़ में खेलो इंडिया मिशन के तहत विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। “संडे ऑन साइकिल” गतिविधि भी इस कार्यक्रम में शामिल होगी। इसके साथ ही “वन कॉरपोरेट वन स्पोर्ट्स” मॉडल लागू किया जाएगा। राज्य के हर जिले में खेल आयोजन की मॉनिटरिंग और समन्वय के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त होंगे और फिट इंडिया पोर्टल से इसकी व्यवस्था की जाएगी। स्कूल, कॉलेज और बड़े स्टेडियमों में खेल गतिविधियों का आयोजन 31 अगस्त तक जारी रहेगा।

 

Youthwings