5 IAS अफसरों को मिला नया प्रभार: सरकार ने जारी किया आदेश, चंदन कुमार बने NRDA के CEO
रायपुर — छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य के तीन वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के सेंट्रल डेपुटेशन (केंद्रीय प्रतिनियुक्ति) पर जाने के बाद पांच अधिकारियों को नए प्रभार सौंपे हैं। राज्य शासन द्वारा मंगलवार को इस संबंध में आदेश जारी कर दिए गए हैं।
डॉ. रोहित यादव (IAS, 2002), जो वर्तमान में सचिव, ऊर्जा विभाग एवं अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी लिमिटेड (CSPGCL) और छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (CSPDCL) के पद पर कार्यरत हैं, उन्हें अब सचिव, पर्यटन एवं संस्कृति विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
अविनाश चंपावत (IAS, 2003), वर्तमान में सचिव, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, पुनर्वास विभाग, राहत एवं पुनर्वास आयुक्त, भू-अभिलेख आयुक्त एवं सचिव, सामान्य प्रशासन विभाग हैं। अब उन्हें सचिव, जन शिकायत निवारण विभाग का भी अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है।
अंकित आनंद (IAS, 2006), जो सचिव, योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग हैं और जिनके पास बीस सूत्रीय कार्यक्रम क्रियान्वयन, आवास एवं पर्यावरण विभाग तथा छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल के अध्यक्ष का दायित्व भी है, उन्हें सचिव, वाणिज्यिक कर (पंजीयन) विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
हिमशिखर गुप्ता (IAS, 2007) को सचिव, श्रम विभाग पद पर अस्थायी रूप से आगामी आदेश तक पदस्थ किया गया है। साथ ही वे सचिव, खेल एवं युवा कल्याण, सचिव, गृह एवं जेल विभाग तथा श्रमायुक्त का अतिरिक्त दायित्व भी निभाते रहेंगे।
चंदन कुमार (IAS, 2011) को विशेष सचिव, सामान्य प्रशासन विभाग के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त करते हुए उन्हें मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO), नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। यह आदेश सौरभ कुमार (IAS, 2009) के केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर कार्यमुक्त होने की तिथि से प्रभावी होगा। उनके अन्य प्रभार यथावत रहेंगे।
