भारतीय रेलवे का बड़ा ऐलान: अगले 5 वर्षों में शुरू होंगी 1,000 नई ट्रेनें: 2027 से दौड़ेगी बुलेट ट्रेन

रेल यात्रा करने वाले लाखों-करोड़ों यात्रियों के लिए खुशखबरी है। केंद्र सरकार अगले पांच वर्षों में 1,000 नई ट्रेनों को शुरू करने की योजना बना रही है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि सरकार रेलवे नेटवर्क को आधुनिक बनाने और यात्रियों के सफर को बेहतर बनाने के लिए व्यापक योजनाओं पर काम कर रही है। इसके साथ ही लॉजिस्टिक्स की लागत को भी कम किया जाएगा।

बुलेट ट्रेन 2027 तक शुरू होगी

रेल मंत्री ने कहा कि भारत की महत्वाकांक्षी बुलेट ट्रेन परियोजना जापान के सहयोग से तेजी से आगे बढ़ रही है। इसका पहला प्रोटोटाइप 2026 तक परीक्षण ट्रैक पर दौड़ेगा और 2027 तक इसका व्यावसायिक संचालन शुरू होने की उम्मीद है। यह परियोजना भारतीय रेलवे की तकनीकी उन्नति का प्रतीक होगी।

रेलवे नेटवर्क का ऐतिहासिक विस्तार

अश्विनी वैष्णव ने बताया कि पिछले 11 वर्षों में भारत ने 35,000 किलोमीटर नए रेल ट्रैक जोड़े हैं, जो जर्मनी के पूरे रेलवे नेटवर्क के बराबर है। पिछले एक साल में ही 5,300 किलोमीटर की नई रेल लाइन बिछाई गई है। साथ ही, हर साल 30,000 मालगाड़ी डिब्बे और 1,500 इंजन बनाए जा रहे हैं, जो उत्तर अमेरिका और यूरोप की संयुक्त उत्पादन क्षमता से भी अधिक है।

निवेश में जबरदस्त वृद्धि

रेलवे में निवेश दस गुना बढ़ गया है। पहले ₹25,000 करोड़ का बजट मिलता था, जो अब बढ़कर ₹2.52 लाख करोड़ हो चुका है। इसके अलावा, पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) के तहत ₹20,000 करोड़ का अतिरिक्त निवेश जुटाया गया है, जिससे बुनियादी ढांचे के विकास में तेजी आई है।

यात्री सुरक्षा बनी प्राथमिकता

रेलवे ने पिछले एक दशक में यात्री सुरक्षा में बड़ा सुधार किया है। जहां पहले हर साल लगभग 170 ट्रेन डिरेलमेंट होते थे, वह संख्या अब घटकर 30 से भी कम रह गई है। इस सुधार का श्रेय नियमित सुरक्षा समीक्षा, ट्रैक और सिग्नलिंग सिस्टम के उन्नयन, तथा तकनीकी सुधारों को दिया गया है।

Youthwings