गरियाबंद में बड़ी सफलता : 1 करोड़ के इनामी नक्सली मोडेम बालकृष्णा समेत 10 ढेर

रायपुर। छत्तीसगढ़ में नक्सल उन्मूलन अभियान को सुरक्षा बलों ने एक और बड़ी उपलब्धि के साथ आगे बढ़ाया है। गरियाबंद जिले के मैनपुर थाना क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में केंद्रीय कमेटी सदस्य और 1 करोड़ रुपये के इनामी नक्सली मोडेम बालकृष्णा उर्फ मनोज समेत 10 कुख्यात नक्सलियों को मार गिराया गया। यह कार्रवाई CRPF की कोबरा यूनिट, छत्तीसगढ़ पुलिस और जिला रिजर्व गार्ड (DRG) की संयुक्त टीम ने अंजाम दी।

सुबह से शुरू हुई मुठभेड़

सुबह सुरक्षा बलों को जंगलों में नक्सलियों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना मिली। इसके बाद गरियाबंद E-30, STF और कोबरा कमांडो की टीमें मौके की ओर रवाना हुईं। सुरक्षाबलों के पहुंचते ही नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। कई घंटों तक चली इस मुठभेड़ में 1 करोड़ के इनामी मोडेम बालकृष्णा सहित 10 नक्सलियों को ढेर कर दिया गया। बालकृष्णा नक्सल संगठन की केंद्रीय कमेटी का सक्रिय सदस्य था।

अमित शाह ने दी चेतावनी

इस सफलता पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सुरक्षा बलों को बधाई दी और 31 मार्च 2026 तक नक्सलवाद खत्म करने के संकल्प को दोहराया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “छत्तीसगढ़ में CRPF, कोबरा कमांडो और DRG ने संयुक्त अभियान में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। 1 करोड़ के इनामी सीसीएम मोडेम बालकृष्णा उर्फ मनोज सहित 10 कुख्यात नक्सलियों को मार गिराया गया है। समय रहते बचे-खुचे नक्सली भी आत्मसमर्पण कर दें, लाल आतंक का अंत तय है।”

आत्मसमर्पण का आह्वान

गृह मंत्री ने नक्सलियों को चेताते हुए कहा कि अब आत्मसमर्पण का यही उचित समय है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार का लक्ष्य तय है और 31 मार्च 2026 तक देश से नक्सलवाद का समूल नाश कर दिया जाएगा।

 

Youthwings