Korba Crime News: यूटूबर बेटी ने कर दी पिता की हत्या, रिश्तेदारों को फोन कर दी खुद दी जानकारी
Korba Crime News: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के हरदी बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रलिया से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक यूट्यूबर बेटी ने अपने ही पिता की हंसिया से गला काटकर बेरहमी से हत्या कर दी। हत्याकांड की वजह पिता द्वारा बेटी के चरित्र पर शक करना और विवाद के दौरान गाली-गलौज करना बताया जा रहा है।
रात 2 बजे हुई हत्या
जानकारी के अनुसार, मृतक अशोक कुमार केवट अपनी पत्नी और तीन बेटियों से पिछले 8 साल से अलग रह रहा था। 9 फरवरी को अशोक की पत्नी और तीनों बेटियां जमीन के मुआवजे के पैसे के सिलसिले में गांव आई हुई थीं। रात करीब 2 बजे किसी बात को लेकर अशोक का अपनी बड़ी बेटी गीता केवट से विवाद हो गया। विवाद के दौरान पिता ने बेटी को अपशब्द कहे, जिससे आक्रोशित होकर गीता ने घर में रखी हंसिया से पिता के गले और जबड़े पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।

खुद दी हत्या की जानकारी
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी गीता खुद घर से बाहर निकली और अपने रिश्तेदारों को जाकर बताया कि उसने पिता को मार दिया है। मृतक के भाई संतोष कुमार ने जब घर के अंदर जाकर देखा, तो अशोक खून से लथपथ मृत पड़े थे। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।
आरोपी यूट्यूबर गीता केवट
आरोपी गीता केवट सोशल मीडिया और यूट्यूब पर काफी एक्टिव रहती है। वह पहले भी विवादों में रही है। कुछ समय पहले उसने एक शिक्षाकर्मी का निजी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया था, जिसकी शिकायत साइबर सेल में भी दर्ज कराई गई थी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आरोपी गीता केवट को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद और चरित्र पर शक को मुख्य वजह बताया जा रहा है।
