दुर्ग में खौफ की रात! सोते हुए युवक को घर के बाहर बुलाकर चाकू घोंपकर उतारा मौत के घाट, 10 दिन में 5वीं हत्या
दुर्ग। अपराध का ग्राफ थमने का नाम नहीं ले रहा। पिछले 10 दिनों में जिले में पांचवीं हत्या ने पूरे शहर को हिला कर रख दिया है। बीती रात मोहन नगर थाना क्षेत्र के शंकर नगर गली नंबर-3 में 4 बदमाशों ने सोते हुए युवक चुनचुन विश्वकर्मा (उम्र करीब 28 साल) को घर से बाहर बुलाया और ताबड़तोड़ चाकू घोंपकर उसकी निर्मम हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
परिजनों ने बताया कि रात करीब 1 बजे चार युवक घर के बाहर आकर चुनचुन को आवाज देने लगे। नींद से जागकर चुनचुन जैसे ही बाहर निकला, बदमाशों ने पहले गाली-गलौज की, फिर हाथापाई शुरू कर दी। देखते-देखते एक ने जेब से चाकू निकाला और चुनचुन की छाती-पेट पर 8-10 वार कर दिए। खून से लथपथ चुनचुन तड़पता हुआ जमीन पर गिर पड़ा। शोर सुनकर परिजन बाहर आए, लेकिन तब तक हत्यारे फुर्र हो चुके थे।
आनन-फानन में परिजन चुनचुन को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मोहन नगर पुलिस ने अज्ञात चार आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी भेजा गया है।
लगातार हत्याओं से तिलमिलाए SSP ने लिया सख्त एक्शन
जिले में 10 दिन के अंदर पांच हत्याओं से मचा हड़कंप देखते हुए SSP दुर्ग ने कोतवाली थाना प्रभारी तपेश्वर नेताम को तत्काल प्रभाव से लाइन अटैच कर दिया। उनकी जगह नवीन कुमार को नया थाना प्रभारी बनाया गया है। SSP ने सभी थानों को अलर्ट रहने और रात्रि गश्त बढ़ाने के सख्त निर्देश दिए हैं।
शहरवासी अब रात में घर से निकलने से डरने लगे हैं। लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर कब तक ये खूनी खेल चलता रहेगा?
