रायपुर पहुंचे युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब, मनरेगा पर केंद्र सरकार को घेरा

राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब

राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब

रायपुर: युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब आज रायपुर पहुंचे। उन्होंने बताया कि उनका यह दौरा मनरेगा को लेकर आयोजित महापंचायत के सिलसिले में है। इस दौरान उन्होंने केंद्र और राज्य की बीजेपी सरकार पर तीखा हमला बोला और मनरेगा योजना को कमजोर करने का आरोप लगाया।

“यह सिर्फ कांग्रेस की नहीं, युवाओं की लड़ाई”

उदय भानु चिब ने कहा कि 40 वर्ष से कम उम्र के वे सभी युवा, जिन्होंने बीजेपी के खिलाफ जमीनी स्तर पर संघर्ष किया है, इस लड़ाई का हिस्सा हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह सिर्फ कांग्रेस की लड़ाई नहीं है, बल्कि लोकतंत्र और युवाओं के अधिकारों की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि चाहे कोई कांग्रेस से जुड़ा हो या नहीं, अगर उसने लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष किया है, तो वह इस आंदोलन का हिस्सा है। रायपुर प्रवास के दौरान वे ऐसे युवाओं से संवाद करेंगे जिन्होंने ग्राउंड लेवल पर चुनाव लड़ा या सामाजिक संघर्ष किया है।

पंचायती राज व्यवस्था को कमजोर करने का आरोप

युवा कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी द्वारा स्थापित पंचायती राज व्यवस्था देश में विकेंद्रीकरण (डिसेंट्रलाइजेशन ऑफ पावर) का मजबूत मॉडल था। लेकिन मौजूदा केंद्र सरकार इस व्यवस्था को कमजोर करने का काम कर रही है। उनका आरोप था कि बीजेपी का मुख्य एजेंडा सत्ता और शक्ति का केंद्रीकरण है, जिससे निर्णय लेने की ताकत कुछ लोगों तक सीमित हो जाए। उन्होंने कहा कि इसका लाभ केवल प्रधानमंत्री और चुनिंदा उद्योगपतियों को मिल रहा है।

मनरेगा के नाम बदलने और फंडिंग पर उठाए सवाल

मनरेगा के नाम बदलने को लेकर उदय भानु चिब ने कहा कि नाम बदल देने से योजना की वास्तविक स्थिति नहीं बदल सकती। उन्होंने कहा, “नाम कुछ भी रख लें, लेकिन सच्चाई को छिपाया नहीं जा सकता।”

उन्होंने आरोप लगाया कि अब मनरेगा के खर्च का 40 प्रतिशत बोझ राज्य सरकारों पर डाला जा रहा है। उनके मुताबिक, यह कदम योजना को धीरे-धीरे कमजोर करने की दिशा में उठाया गया है। उन्होंने कहा कि मनरेगा मूल रूप से विकेंद्रीकरण की सोच पर आधारित योजना थी, लेकिन केंद्र सरकार की नीतियां इसके विपरीत हैं। राज्य पर आर्थिक जिम्मेदारी बढ़ाने का सीधा मतलब योजना की प्रभावशीलता को कम करना है।

बीजेपी सरकार को बताया तानाशाही

उदय भानु चिब ने केंद्र और राज्य में सत्तारूढ़ बीजेपी सरकार को तानाशाही प्रवृत्ति वाली सरकार करार दिया। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर किया जा रहा है और विपक्ष की आवाज दबाने की कोशिश हो रही है। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस आने वाले समय में युवाओं, किसानों और मजदूरों के मुद्दों को लेकर आंदोलन तेज करेगी।

read more : भारतमाला मुआवजा घोटाला: दो पूर्व तहसीलदार गिरफ्तार, 20 फरवरी तक रिमांड

Youthwings