दरभंगा में PM Modi पर अभद्र टिप्पणी करने वाला युवक गिरफ्तार
PM Modi
दरभंगा: बिहार के दरभंगा जिले में वोटर अधिकार यात्रा के दौरान PM Modi पर अभद्र टिप्पणी करने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दरअसल, राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की इस यात्रा के दौरान पीएम मोदी और उनकी दिवंगत मां के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल किया गया था। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद मामले ने तूल पकड़ लिया।
प्रदेश भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने इस मामले की शिकायत पुलिस से की थी। भाजपा का कहना है कि प्रधानमंत्री और उनकी मां के लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल करना न केवल व्यक्तिगत स्तर पर अपमानजनक है बल्कि पूरे देश का अपमान है। पार्टी ने चेतावनी दी है कि जनता आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस नीत ‘इंडिया’ गठबंधन को इसका करारा जवाब देगी।
कांग्रेस नेता पर मामला दर्ज
भाजपा जिलाध्यक्ष आदित्यनाथ नारायण मन्ना ने सिमरी थाने में शिकायत दर्ज कराई है। प्राथमिकी में कांग्रेस नेता मो. नौशाद को आरोपित किया गया है। आरोप है कि 27 अगस्त 2025 को राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की वोटर अधिकार यात्रा के दौरान मंच से पीएम मोदी और उनकी माता को लेकर आपत्तिजनक शब्द कहे गए। पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है।
राजनीतिक घमासान तेज
इस घटना के बाद से बिहार की राजनीति गर्मा गई है। भाजपा का आरोप है कि विपक्ष लगातार पीएम मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल करता रहा है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। वहीं कांग्रेस की ओर से इस पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
