Yamuna Expressway Accident: मथुरा में यमुना एक्सप्रेसवे पर 7 बसों और 2 कारों की टक्कर, 13 की मौत, 60 घायल
Yamuna Expressway Accident: उत्तर प्रदेश के मथुरा में मंगलवार सुबह 4 बजे कोहरे के कारण यमुना एक्सप्रेसवे पर सात बसें और दो कारें आपस में टकरा गईं। टक्कर के बाद पांच बसों और दो कारों में आग लग गई। जिला अधिकारी (DM) सीपी सिंह ने 13 लोगों की मौत की पुष्टि की है, जिनमें से तीन मृतकों की पहचान हो चुकी है, जबकि अन्य दस का डीएनए टेस्ट किया जाएगा। हादसे में करीब 60 लोग घायल हुए हैं।
घटना के तुरंत बाद मथुरा पुलिस, फायर ब्रिगेड और SDRF की टीमों ने बचाव और राहत कार्य शुरू किया। चश्मदीदों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि धमाके के समय ऐसा लगा जैसे गोली चली हो। स्थानीय लोगों ने तुरंत मदद के लिए पहुंचे और करीब 20 एंबुलेंस से 150 लोगों को अस्पताल भेजा गया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मृतकों के परिवारों को PMNRF से 2 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी घायलों को हर संभव सहायता देने के निर्देश दिए हैं।
हादसे के कारण कई यात्रियों के झुलसने की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य जारी रखा हुआ है।
