चलती ट्रेन में गर्भवती महिला ने दिया बच्चे को जन्म, रेलवे स्टाफ और यात्रियों की तत्परता से सुरक्षित प्रसव
रायपुर। महबूबनगर (हैदराबाद) से चांपा जा रही एक गर्भवती महिला को रेल यात्रा के दौरान अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। दुर्ग स्टेशन से ट्रेन के निकलने के बाद उसकी स्थिति गंभीर हो गई, जिससे वैनगंगा एक्सप्रेस के एस-2 कोच में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए टीटीई ईशांत शर्मा ने तुरंत वाणिज्य नियंत्रण रायपुर को सूचना दी। भिलाई स्टेशन पार करने के कुछ ही समय बाद महिला ने ट्रेन में ही शिशु को जन्म दे दिया। प्रसव के दौरान कोच में मौजूद यात्रियों ने संवेदनशीलता दिखाते हुए महिला की हर संभव मदद की।
घटना की जानकारी तत्काल रेलवे अस्पताल रायपुर, स्टेशन वाणिज्य अधीक्षक एम.एस. राजा, स्टेशन मास्टर एन.के. साहू, मंडल सुरक्षा नियंत्रण कार्यालय, यात्री गाड़ी नियंत्रण कार्यालय और स्टेशन टीटीई संजीत कुमार को दी गई। ट्रेन के रायपुर स्टेशन पहुंचते ही डॉक्टर बिजोया और सिस्टर दीपमाला की टीम मौके पर पहुंची और जच्चा-बच्चा की प्राथमिक जांच की।
डॉक्टरों ने बताया कि डिलीवरी सुरक्षित रही है, लेकिन आगे की निगरानी के लिए अस्पताल में भर्ती करना आवश्यक है। पति की सहमति के बाद महिला और नवजात को सावधानीपूर्वक ट्रेन से उतारकर एंबुलेंस के माध्यम से मेकाहारा अस्पताल भेजा गया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, मां और शिशु दोनों की हालत सामान्य है।
चलती ट्रेन में सुरक्षित प्रसव और रेलवे स्टाफ की त्वरित कार्रवाई की यात्रियों ने सराहना की है।
