प्रेम प्रसंग में पत्नी ने पति को जहर देकर उतारा मौत के घाट, बच्चों के बयान से खुली साजिश
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक चौंकाने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक महिला पर अपने पति को जहर देकर हत्या करने का आरोप लगा है। घटना दर्री थाना क्षेत्र के लाटा बस्ती की बताई जा रही है।
प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, महिला ने कथित रूप से पति को जहर देने के बाद खुद ही उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, ताकि मामले को आत्महत्या का रूप दिया जा सके। शुरुआत में मामला संदिग्ध आत्महत्या जैसा प्रतीत हुआ, लेकिन जांच के दौरान मृतक के बच्चों के बयान ने पूरे घटनाक्रम को नई दिशा दे दी।
बच्चों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने अपनी मां को पिता को जहर देते हुए देखा था। बच्चों के इस बयान के आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अस्पताल से ही आरोपी पत्नी को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में महिला ने कथित तौर पर पति की हत्या की बात स्वीकार करते हुए एक अन्य युवक के साथ संबंध होने की जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, इसी संबंध के चलते हत्या की साजिश रची गई। मामले में संदिग्ध प्रेमी की तलाश की जा रही है। पुलिस की एक टीम रायगढ़ रवाना की गई है और जल्द गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है।
घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर विस्तृत जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि बच्चों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं और जांच पूरी होने पर सभी जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
