Cg weather update: छत्तीसगढ़ में बदला मौसम, बारिश, ओलावृष्टि और वज्रपात की चेतावनी
रायपुर। रायपुर सहित प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, आज कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना है। वहीं कई इलाकों में ओलावृष्टि और वज्रपात की भी चेतावनी जारी की गई है। यह स्थिति 4 अप्रैल तक बनी रह सकती है, जिससे तापमान में गिरावट आने और गर्मी से राहत मिलने की संभावना है।
प्रदेश में सोमवार को अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस रायपुर में दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 2.9 डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 19.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बस्तर और बिलासपुर क्षेत्रों में बारिश होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली है।
मौसम वैज्ञानिक HP Chandra के अनुसार, उत्तर ईरान और कैस्पियन सागर के ऊपर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के साथ कई चक्रीय परिसंचरण और द्रोणिकाएं अलग-अलग क्षेत्रों में सक्रिय हैं। इन मौसम प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश में मौसम अस्थिर बना हुआ है।
मौसम विभाग ने बताया है कि 31 मार्च को एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा के साथ आंधी, गरज-चमक और ओलावृष्टि की संभावना है। हालांकि अधिकतम तापमान में हल्की गिरावट होगी, लेकिन इसमें कोई बड़ा बदलाव नहीं आएगा।
रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम:-
रायपुर में आज आसमान मुख्यतः साफ रहने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
