रायपुर में 3 से 5 अप्रैल तक वॉलीबॉल का महाकुंभ, देश-विदेश की टीमें लेंगी हिस्सा
वॉलीबॉल
रायपुर : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में खेल प्रेमियों के लिए शानदार आयोजन होने जा रहा है। महादेव घाट स्थित हटकेश्वरनाथ वॉलीबॉल ग्राउंड में 3 से 5 अप्रैल 2026 तक 5वीं ऑल इंडिया वॉलीबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया जाएगा। हटकेश्वरनाथ वॉलीबॉल संघ की ओर से आयोजित यह प्रतियोगिता स्थानीय ही नहीं, बल्कि देश और विदेश के खिलाड़ियों के लिए भी बड़ा मंच साबित होगी।
18 टीमें और 300 से ज्यादा खिलाड़ी होंगे शामिल
इस टूर्नामेंट में करीब 18 टीमें भाग लेंगी, जिनमें लगभग 300 खिलाड़ी और टेक्निकल स्टाफ शामिल रहेंगे। बड़ी संख्या में प्रतिभागियों के कारण मुकाबले बेहद रोमांचक और उच्च स्तर के होने की उम्मीद जताई जा रही है।
इस प्रतियोगिता का शुभारंभ 3 अप्रैल को सुबह 10 बजे होगा। उद्घाटन समारोह में विधायक एवं पूर्व मंत्री राजेश मूणत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि महापौर मीनल चौबे समेत कई जनप्रतिनिधि और खेलप्रेमी भी मौजूद रहेंगे।
देश-विदेश की टीमें दिखाएंगी दम
टूर्नामेंट में मास्टर्स 40+ वर्ग और ओपन गर्ल्स कैटेगरी में मैच खेले जाएंगे। मास्टर्स वर्ग में दुबई सहित उत्तर प्रदेश, केरल, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, ओडिशा, चंडीगढ़, कोरबा और रायपुर की टीमें हिस्सा लेंगी।
वहीं ओपन गर्ल्स वर्ग में पुणे, हरियाणा, कोलकाता, दिल्ली, आगरा, वाराणसी, बालाघाट, SAI रायपुर और भिलाई की टीमें मैदान में उतरेंगी और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।
विजेताओं के लिए आकर्षक इनाम
आयोजकों के अनुसार कई टीमों में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी शामिल होंगे, जिससे दर्शकों को शानदार मुकाबले देखने को मिलेंगे। पुरस्कार राशि भी आकर्षक रखी गई है।
मास्टर्स वर्ग में विजेता टीम को 71 हजार रुपये और उपविजेता को 51 हजार रुपये दिए जाएंगे। वहीं ओपन गर्ल्स वर्ग में प्रथम स्थान पाने वाली टीम को 31 हजार रुपये और दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 21 हजार रुपये का पुरस्कार मिलेगा। इसके अलावा खिलाड़ियों को व्यक्तिगत पुरस्कार भी दिए जाएंगे।
read more : छत्तीसगढ़ में सशस्त्र बल भर्ती 2026-27: 1816 पदों पर होगी नियुक्ति, हाईटेक सिस्टम से होगी पूरी प्रक्रिया
