कांकेर में धर्मांतरण को लेकर बवाल: शव दफनाने पर दो गुटों में हिंसक झड़प, पुलिसकर्मी घायल
कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के आमाबेड़ा क्षेत्र में धर्मांतरण से जुड़े एक मामले ने गंभीर तनाव का रूप ले लिया। बड़े तेवड़ा गांव में धर्मांतरित व्यक्ति के शव को गांव में दफनाने को लेकर ग्रामीणों के दो गुट आमने-सामने आ गए, जिससे हालात बेकाबू हो गए।
जानकारी के अनुसार, मृतक के पिता द्वारा धर्म परिवर्तन किए जाने की बात सामने आने के बाद गांव में विरोध शुरू हो गया। आरोप है कि शव को जबरन दफनाने को लेकर ग्राम सरपंच की भूमिका पर भी सवाल उठे, जिससे विवाद और गहरा गया। देखते ही देखते मामला हिंसक झड़प में बदल गया और दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन उग्र भीड़ को काबू करने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। इस दौरान कुछ पुलिसकर्मियों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
