पश्चिम बंगाल चुनाव नतीजों के बीच हिंसा: आसनसोल में टीएमसी कार्यालय में आग, कई जिलों में झड़पें
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों के बीच राज्य के कई हिस्सों से हिंसा, आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आ रही हैं। आसनसोल के जमुरिया इलाके में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के एक पार्टी कार्यालय में आग लगने की खबर ने राजनीतिक माहौल को और गर्मा दिया है। टीएमसी ने इस घटना के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) समर्थकों को जिम्मेदार ठहराया है।
मतगणना के दौरान पूरे राज्य में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। इसी बीच चुनावी रुझानों में भाजपा के बढ़त की खबरों ने राजनीतिक सरगर्मी को और तेज कर दिया है। बताया जा रहा है कि पार्टी पहली बार राज्य में पूर्ण बहुमत की ओर बढ़ रही है, जिससे माहौल और अधिक संवेदनशील हो गया है।
टीएमसी का आरोप है कि उसके कार्यालय को निशाना बनाकर आगजनी की गई है। वहीं, राज्य के अन्य हिस्सों में भी विपक्षी दलों के कार्यकर्ताओं के बीच टकराव की घटनाएं सामने आई हैं।
बांकुरा सहित कई जिलों में कार्यकर्ताओं के बीच झड़पें हुईं, जबकि उत्तर 24 परगना के बैरकपुर स्थित एक मतगणना केंद्र पर भी विवाद के बाद हालात बिगड़ गए। स्थिति को काबू में करने के लिए सुरक्षाबलों को मौके पर तैनात किया गया।
कूच बिहार के दिनहाटा में भी भाजपा और टीएमसी कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़प हुई, जिसके बाद पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। इससे पहले आसनसोल के एक इंजीनियरिंग कॉलेज स्थित मतगणना केंद्र पर भी तोड़फोड़ की घटना सामने आई, जहां कुर्सियों और वाहनों को नुकसान पहुंचाया गया।
