कोरबा में आबकारी टीम पर ग्रामीणों का हमला: अधिकारी को बनाया बंधक, मुखबिर व चालक की भी पिटाई

कोरबा

कोरबा

कोरबा : छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र में आबकारी विभाग की कार्रवाई उस वक्त हिंसक हो गई, जब टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। इस दौरान टीम प्रभारी नारायण सिंह कंवर को ग्रामीणों ने कई घंटों तक बंधक बनाए रखा, जबकि मुखबिर और विभागीय वाहन चालक के साथ बेरहमी से मारपीट की गई।

कार्रवाई के दौरान बिगड़े हालात

जानकारी के अनुसार, आबकारी विभाग की टीम अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए गांव पहुंची थी। इसी दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और अचानक टीम पर हमला कर दिया। हमले के दौरान मुखबिर प्रमोद देवांगन (निवासी पताड़ी) को पकड़कर पीटा गया, वहीं स्कॉर्पियो वाहन के चालक के साथ भी मारपीट की गई।

वाहन में की गई तोड़फोड़

हमलावरों ने आबकारी विभाग के वाहन में भी तोड़फोड़ की, जिससे वाहन को नुकसान पहुंचा। टीम के अन्य सदस्य किसी तरह अपनी जान बचाकर मौके से निकलने में सफल रहे और उन्होंने घटना की जानकारी तत्काल उच्च अधिकारियों को दी।

मुखबिर को लेकर था आक्रोश

सूत्रों के मुताबिक, ग्रामीण मुखबिर प्रमोद देवांगन से पहले से नाराज थे। ग्रामीणों का आरोप है कि वह मुखबिरी के नाम पर अवैध वसूली करता था और उसके कारण बार-बार कार्रवाई होती थी। इसी वजह से ग्रामीणों का गुस्सा हिंसक रूप में सामने आया।

गांव में तनाव, पुलिस तैनात

घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रण में लेने के साथ जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा हमले में शामिल लोगों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

आबकारी अधिकारी ने की पुष्टि

आबकारी अधिकारी आशा सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि उन्हें फोन के जरिए पूरी जानकारी मिली है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल पुलिस में शिकायत दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं।

read more : लैब टेक्नीशियन की बदसलूकी से भड़के जूनियर डॉक्टर, CIMS में काम बंद हड़ताल

 

Youthwings