IED धमाके में घायल जवान से मिले गृह मंत्री विजय शर्मा, दिलाया हर संभव मदद का भरोसा

रायपुर। छत्तीसगढ़ के देवेंद्र नगर स्थित श्री नारायणा अस्पताल में शुक्रवार को एक भावुक दृश्य देखने को मिला, जब राज्य के उप मुख्यमंत्री और गृह मंत्री विजय शर्मा ने आईईडी धमाके में घायल सीआरपीएफ 195 बटालियन के जवान आलम मुनेश से मुलाकात की। शर्मा ने न सिर्फ घायल जवान का हौसला बढ़ाया बल्कि उनके परिवार से भी मुलाकात कर सरकारी राहत और मुआवजा प्रावधानों की जानकारी साझा की।

खतरे से बाहर हैं जवान आलम मुनेश

गृह मंत्री शर्मा ने बताया कि नक्सली हमले में लगे आईईडी की चपेट में आने से जवान आलम मुनेश का बायां पैर गंभीर रूप से घायल हुआ है। डॉक्टरों ने उनकी हालत को अब स्थिर और खतरे से बाहर बताया है। शर्मा ने कहा, “सरकार जवान के बेहतर इलाज और परिवार की हरसंभव मदद के लिए प्रतिबद्ध है।”

नक्सलियों पर लगातार कार्रवाई

पत्रकारों से चर्चा के दौरान गृह मंत्री ने बताया कि नक्सलियों की केंद्रीय समिति (सीसी) सदस्य सुजाता ने हाल ही में तेलंगाना में आत्मसमर्पण किया है। शर्मा ने कहा, “सीसी मेंबर ही नक्सलवाद को दिशा देते हैं। अब ये लोग समझ रहे हैं कि मुख्यधारा में लौटना ही सही रास्ता है।”

उन्होंने आगे बताया कि नई सरकार बनने के बाद बस्तर में अब तक 1,300 से अधिक लोगों ने पुनर्वास प्रक्रिया अपनाई है। “करीब साढ़े 12 सौ नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया और 400 से ज्यादा को सुरक्षा बलों ने मार गिराया है। अगले 4 से 6 महीनों में यह अभियान और तेज होगा,” उन्होंने कहा।

बस्तर दशहरा में शामिल हो सकते हैं अमित शाह

बस्तर दशहरा उत्सव को लेकर भी गृह मंत्री ने बड़ा संकेत दिया। उन्होंने कहा कि मुरिया दरबार के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आने की संभावना है। “मांझी समाज चाहता है कि केंद्रीय गृह मंत्री इस ऐतिहासिक दशहरा में शामिल हों और यह संभावना बनी हुई है,” शर्मा ने कहा।

Youthwings