60 हजार की मांग, 25 हजार लेकर माने अधिकारी – सुपरवाइजर को मारा थप्पड़
रायपुर। तिल्दा की एक शराब दुकान में ओवररेट शराब बेचने और अवैध वसूली को लेकर शुरू हुआ विवाद अब गंभीर रूप ले चुका है। इस मामले में आबकारी विभाग के संभागीय उड़नदस्ता अधिकारी उत्तम भारद्वाज पर दुकान के सुपरवाइजर को थप्पड़ मारने, गाली-गलौज करने और कर्मचारियों से 60 हजार रुपये की मांग करने का आरोप लगा है। मामला 2 सितंबर की शाम का है, जिसका वीडियो भी सामने आया है।
दुकान के कर्मचारियों ने इसकी लिखित शिकायत विभाग में दर्ज कराई है, जिसके बाद पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी गई है।
सुपरवाइजर के साथ मारपीट और अवैध वसूली का आरोप
शिकायत के अनुसार, अधिकारी उत्तम भारद्वाज अचानक तिल्दा की शराब दुकान पर पहुंचे और वहां काम कर रहे कर्मचारियों पर ओवररेट में शराब बेचने का आरोप लगाया। इसी दौरान उन्होंने कर्मचारियों से 60 हजार रुपये की मांग की।
दुकान के सुपरवाइजर मधु राय ने इसका विरोध करते हुए कहा कि दुकान पर शराब केवल सरकार द्वारा तय की गई कीमत पर बेची जा रही है और अवैध वसूली का सवाल ही नहीं उठता। इस जवाब से अधिकारी उत्तम भारद्वाज भड़क गए और सुपरवाइजर के साथ बहस करने लगे। बहस इतनी बढ़ गई कि अधिकारी ने सुपरवाइजर को सार्वजनिक तौर पर थप्पड़ मार दिया और गालियां भी दीं।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि विरोध के बावजूद अधिकारी नहीं माने और आखिरकार 25 हजार रुपये नकद लेकर ही दुकान से लौटे।
वीडियो से बढ़ा विवाद
इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें अधिकारी द्वारा सुपरवाइजर को थप्पड़ मारते हुए देखा जा सकता है। वीडियो वायरल होने के बाद मामला और गरमा गया है। वीडियो सामने आने के बाद दुकान के कर्मचारी और स्थानीय लोग अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं।
कर्मचारियों का आरोप
दुकान के सेल्समैन और कर्मचारियों ने अपनी लिखित शिकायत में साफ कहा है कि वे नियमित रूप से निर्धारित कीमत पर ही शराब बेच रहे हैं। लेकिन आबकारी अधिकारी ने जानबूझकर उन पर गलत आरोप लगाते हुए पैसे की मांग की। कर्मचारियों ने आरोप लगाया है कि यह घटना केवल दबाव बनाने और अवैध वसूली करने के लिए की गई थी।
शिकायत दर्ज होने के बाद आबकारी विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है। विभागीय सूत्रों के मुताबिक, शिकायत को गंभीरता से लिया गया है और मामले की जांच उच्च स्तर पर कराई जाएगी। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो अधिकारी उत्तम भारद्वाज पर न केवल विभागीय कार्रवाई होगी बल्कि उनके खिलाफ आपराधिक प्रकरण भी दर्ज हो सकता है।
शराब दुकानों में ओवररेट का मुद्दा
छत्तीसगढ़ में शराब दुकानों से अक्सर ओवररेट बिक्री की शिकायतें आती रहती हैं। ग्रामीण और छोटे कस्बों में तय कीमत से ज्यादा दाम पर शराब बेचे जाने की खबरें मिलती रहती हैं। कई बार ऐसे मामलों में कर्मचारियों और अधिकारियों की मिलीभगत सामने आती है।
लेकिन इस मामले में खास बात यह है कि यहां आरोप सीधे एक वरिष्ठ उड़नदस्ता अधिकारी पर लगे हैं, जिनकी जिम्मेदारी ही अवैध बिक्री और गड़बड़ी रोकने की होती है।
