पांच लोगों के परिवार ने एक साथ की आत्महत्या, रसोई की दीवार पर लिखा आखिरी मैसेज
मथुरा। उत्तर प्रदेश के महावन थाना क्षेत्र अंतर्गत खप्परपुर गांव से बेहद दर्दनाक और हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहां सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात एक परिवार के पांच सदस्यों ने एक साथ आत्महत्या कर ली। मृतकों में पति-पत्नी और उनके तीन छोटे बच्चे (दो बेटियां और एक बेटा) शामिल हैं।
मंगलवार सुबह जब परिवार का कोई भी सदस्य बाहर नहीं निकला, तो परिजनों और पड़ोसियों को शक हुआ। घर में जाकर देखा तो सभी पांचों मृत अवस्था में पड़े मिले। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में ले लिया।
मृतक मनीष खेती (35 वर्ष) थे। उनकी पत्नी सीमा से वर्ष 2018 में शादी हुई थी। तीनों बच्चे क्रमशः हनी (5 वर्ष), प्रियांशी (4 वर्ष) और पंकज (2 वर्ष) थे। प्रारंभिक जांच में शवों के पास दूध के गिलास मिले हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि सभी ने जहर खाकर आत्महत्या की है। रसोई की दीवार पर लिखा संदेश मिला है – “हम खुद से आत्महत्या कर रहे हैं।”
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत का सटीक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही स्पष्ट होगा।
मनीष के पिता का कुछ दिन पहले ही देहांत हो चुका है। उनके दो अन्य भाई भी घर के समीप ही रहते हैं। मृतक के भतीजे ने बताया कि मंगलवार सुबह जब कोई बाहर नहीं आया तो शक हुआ। घर में जाकर देखा तो सभी मृत अवस्था में पड़े थे। फिलहाल किसी तरह का कोई विवाद सामने नहीं आया है।
पुलिस पड़ोसियों और परिजनों से पूछताछ कर रही है। आत्महत्या के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक तनाव या किसी अन्य कारण की आशंका जताई जा रही है।
नोट: “Youth Wings” किसी भी व्यक्ति द्वारा आत्महत्या के प्रयासों का समर्थन नहीं करता है और न ही इसे बढ़ावा देता है। यह खबर केवल सूचनात्मक उद्देश्य के लिए है। हम पाठकों से आग्रह करते हैं कि मानसिक स्वास्थ्य को गंभीरता से लें और संकट की स्थिति में विशेषज्ञों या हेल्पलाइन की सहायता लें।
