बिलासपुर के पास बड़ा हादसा : बाल-बाल बचे केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू
बिलासपुर। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री और बिलासपुर लोकसभा सांसद तोखन साहू रविवार को एक अचानक हुए सड़क हादसे में बाल-बाल बच गए। वे अपने संसदीय क्षेत्र बिलासपुर से रायपुर एयरपोर्ट की ओर जा रहे थे, तभी चंदेली (दामाखेड़ा) के पास उनकी कार में एक लोहे की रॉड आकर टकरा गई।
घटना के समय मंत्री तोखन साहू के साथ वाहन में उनके निजी स्टाफ और सुरक्षा अधिकारी भी मौजूद थे। बताया गया कि लोहे की रॉड कार के सनरूफ और साइड मिरर के पास टकराई, जिससे वाहन का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया। अधिकारियों के अनुसार, यदि वाहन में सनरूफ और मजबूत संरचना न होती, तो यह रॉड सीधे अंदर बैठे लोगों को गंभीर नुकसान पहुंचा सकती थी।
हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और मंत्री सहित सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं। घटना के तुरंत बाद एस्कॉर्ट ड्यूटी में तैनात पुलिस बल ने मौके से लोहे की रॉड को जब्त कर लिया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रारंभिक तौर पर यह घटना आकस्मिक प्रतीत हो रही है, हालांकि सुरक्षा से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जाएगी।
केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने भी घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि वे और उनके साथ मौजूद सभी लोग सुरक्षित हैं। इस घटना से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कार में फंसी लोहे की रॉड और टूटे शीशे साफ नजर आ रहे हैं।
