NHM Employees को अल्टीमेटम, ड्यूटी पर लौटो वरना होगी बर्खास्तगी, नई भर्ती की तैयारी

रायपुर। NHM Employees: लंबे समय से 10 सूत्रीय मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) कर्मचारियों पर अब सरकार ने सख्त रुख अपना लिया है। स्वास्थ्य विभाग ने सभी ज़िला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों (CMHO) को पत्र लिखकर स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि 16 सितंबर तक सभी हड़ताली कर्मचारी अपनी ड्यूटी जॉइन करें।

सरकार ने साफ कर दिया है कि जो कर्मचारी तय समय सीमा तक काम पर नहीं लौटेंगे, उन्हें नौकरी से बर्खास्त कर उनकी जगह नई भर्ती की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग ने नई भर्ती की प्रक्रिया शुरू करने के भी संकेत दे दिए हैं।

28वें दिन भी जारी हड़ताल

एनएचएम कर्मचारी नियमितीकरण और अन्य 10 सूत्रीय मांगों को लेकर पिछले 28 दिनों से हड़ताल पर हैं। कर्मचारियों का कहना है कि उनकी मांगों को सरकार लगातार नज़रअंदाज़ कर रही है। नाराज कर्मचारियों ने अब राज्यपाल के नाम ज्ञापन तैयार किया है और आने वाले दिनों में राजधानी रायपुर में बड़ी रैली कर ज्ञापन सौंपने की योजना बनाई है। कई कर्मचारी तो इच्छा मृत्यु की अनुमति तक मांग रहे हैं।

हड़ताल के दौरान कर्मचारियों ने अलग-अलग तरह के प्रदर्शन कर सरकार का ध्यान आकर्षित करने की कोशिश की, लेकिन अब तक कोई ठोस परिणाम नहीं मिला है।

मंत्रियों के बयान से बढ़ा विवाद

प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री का कहना है कि सरकार उनकी पांच मांगों को पूरा करने के लिए तैयार है, लेकिन कर्मचारी लिखित आश्वासन की मांग पर अड़े हुए हैं। वहीं, पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल के नई भर्ती प्रक्रिया शुरू करने के बयान से कर्मचारियों में और नाराज़गी फैल गई है।

हड़ताल कर रहे कर्मचारी साफ कह रहे हैं कि वे केवल लिखित आदेश के बाद ही ड्यूटी पर लौटेंगे। दूसरी ओर, विभाग का अल्टीमेटम आने के बाद अब यह देखना दिलचस्प होगा कि कर्मचारी क्या रुख अपनाते हैं।

Youthwings