रायपुर में 10 किलो गांजा के साथ दो महिला तस्कर गिरफ्तार, अंतर्राज्यीय गैंग से जुड़े तार

रायपुर में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पश्चिम डिवीजन और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) की संयुक्त टीम ने टिकरापारा थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए दो महिला तस्करों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 10 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई जा रही है।

भाठागांव में की गई घेराबंदी

पुलिस को सूचना मिली थी कि टिकरापारा के भाठागांव स्थित रावणभाठा मैदान के पास दो महिलाएं गांजा बेचने की तैयारी में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस उपायुक्त (क्राइम) स्मृतिक राजनाला और डीसीपी (पश्चिम) संदीप कुमार पटेल के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दोनों को पकड़ा। तलाशी में उनके बैग से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।

शहडोल गैंग से कनेक्शन

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान खिलेश्वरी वर्मा (18 वर्ष, भनपुरी, रायपुर) और इसरत बानो (21 वर्ष, शहडोल, मध्य प्रदेश) के रूप में हुई है। जांच में सामने आया है कि इसरत बानो शहडोल के एक अंतर्राज्यीय नशा तस्करी गिरोह से जुड़ी है। पुलिस अब आरोपियों के ‘फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेजेस’ की जांच कर तस्करी नेटवर्क का एंड-टू-एंड खुलासा करने में जुटी है।

2026 में अब तक 30 आरोपी गिरफ्तार

नशा मुक्ति अभियान के तहत रायपुर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। वर्ष 2026 के शुरुआती दो महीनों में गांजा तस्करी के 14 मामले दर्ज किए गए हैं, जिनमें 30 आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है। पुलिस ने अब तक 141.768 किलोग्राम गांजा, 2 लाख रुपये से अधिक नकदी, 2 कार और 6 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। बरामद सामग्री की कुल कीमत करीब 83 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है।

Youthwings