रायपुर होटल में दो कपल्स का हंगामा, शराब की बोतलों के साथ पहुंचे, पुलिस ने किया गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के मंदिर हसौद इलाके के एक निजी होटल में दो कपल्स ने जमकर हंगामा किया। आरोप है कि दोनों कपल्स हरियाणा और गोवा से लाई गई शराब और बीयर की पेटियां लेकर होटल पहुंचे थे। होटल प्रबंधन ने जब उन्हें कमरे में शराब ले जाने से रोका, तो उन्होंने गाली-गलौज और धक्कामुक्की शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस को मौके पर बुलाना पड़ा और चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

कैसे शुरू हुआ विवाद

सूत्रों के अनुसार, 17 सितंबर की रात भिलाई निवासी मनवीर सिंह, गुरप्रीत सिंह, माहिन हीरा और आकांक्षा शर्मा होटल पहुंचे थे। इन लोगों ने ऑनलाइन दो कमरे बुक किए थे। चेक-इन के दौरान उन्होंने होटल स्टाफ को अपना सामान ऊपर ले जाने के लिए कहा। जब स्टाफ ने लगेज में बीयर की पेटियां और शराब की बोतलें देखीं, तो उन्होंने तुरंत मैनेजर और सिक्योरिटी इंचार्ज को सूचना दी।

नियमों का हवाला देकर रोका गया

होटल मैनेजर ने नियमों का हवाला देते हुए शराब और बीयर को कमरे में ले जाने से मना किया। इस पर दोनों कपल्स भड़क गए और स्टाफ के साथ जोरदार बहस करने लगे। गुस्से में आकर उन्होंने मैनेजर और सिक्योरिटी गार्ड के साथ गाली-गलौज और धक्कामुक्की तक कर डाली।

होटल की शिकायत पर पुलिस पहुंची

होटल प्रबंधन ने तुरंत तेलीबांधा पुलिस और आबकारी विभाग को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर चारों को हिरासत में ले लिया और उनके खिलाफ गाली-गलौज व शांति भंग करने के आरोप में केस दर्ज कर लिया। हालांकि, आबकारी विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की।

युवती ने गलत जानकारी देकर कराया था बुकिंग

जांच में पता चला कि माहिन हीरा ने 16 सितंबर को 17 और 18 सितंबर के लिए दो कमरे ऑनलाइन बुक कराए थे। होटल की नीति के अनुसार अविवाहित कपल्स को कमरे नहीं दिए जाते हैं, लेकिन युवती ने बुकिंग के समय यह जानकारी नहीं दी। दोनों कमरों में एक-एक कपल ने चेक-इन किया था।

शराब और आरोपी पुलिस कब्जे में

पुलिस ने मौके से शराब की बोतलें और आरोपियों को अपने कब्जे में ले लिया। आबकारी विभाग का कहना है कि जब तक शराब और आरोपी उनके कब्जे में नहीं होते, तब तक आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई संभव नहीं है। हालांकि, चूंकि शराब हरियाणा और गोवा की थी, इसलिए उनके खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की जा सकती थी।

Youthwings