दुर्ग में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा पर पुलिस की कार्रवाई, दो सटोरी गिरफ्तार
दुर्ग। टी-20 वर्ल्ड कप में भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेले जा रहे क्रिकेट मैच पर ऑनलाइन सट्टा खिलाते दो सटोरियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से करीब 50 लाख रुपये की सट्टा-पट्टी जब्त की गई है। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि असरफ नगर, तकियापारा दुर्ग स्थित एक मकान में भारत–साउथ अफ्रीका मैच पर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित किया जा रहा है। सूचना के आधार पर सिटी कोतवाली पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने उक्त मकान पर छापा मारा।
छापेमारी के दौरान मकान के अंदर एलईडी टीवी पर लाइव मैच प्रसारित हो रहा था और मोबाइल फोन के जरिए हार-जीत पर रुपये का दांव लगाया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी मौके से फरार हो गया, जबकि दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के माध्यम से क्रिकेट मैच में हार-जीत पर दांव लगवाकर ऑनलाइन सट्टा संचालित करते थे।
आरोपियों के खिलाफ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से लैपटॉप, एलईडी टीवी, चार मोबाइल फोन, रजिस्टर में दर्ज सट्टे का हिसाब-किताब, एक डॉट पेन डीवीआर सहित कुल 2 लाख 70 हजार 500 रुपये की सामग्री जब्त की है।
गिरफ्तार आरोपी
सोहेल अहमद खान उर्फ मामू (35 वर्ष), निवासी असरफ नगर, तकियापारा दुर्ग
संतोष कुमार गोंड (38 वर्ष), निवासी रुआबांधा कुदरापारा, वार्ड नंबर 4, भिलाई नगर दुर्ग
फरार आरोपी
शाहिल उर्फ सोनू (31 वर्ष), निवासी असरफ नगर, तकियापारा दुर्ग
पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है।
