स्कूटी में घूम-घूमकर मोबाइल ऐप के जरिए लगवा रहे थे दांव, 2 सटोरियों को पुलिस ने दबोचा
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में आईपीएल सीजन शुरू होते ही ऑनलाइन सट्टेबाजी का अवैध कारोबार फिर सक्रिय हो गया है। इस पर कार्रवाई करते हुए सिविल लाइन पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने दो सटोरियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 1,48,500 रुपये नकद, मोबाइल फोन और सट्टेबाजी में इस्तेमाल की जा रही एक एक्टिवा जब्त की है। यह कार्रवाई सिविल लाइन थाना क्षेत्र के जरहाभाठा इलाके में की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सौरभ पवार (निवासी सिंधी कॉलोनी, जरहाभाठा) और कमल पंजवानी (निवासी चकरभाठा) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी मोबाइल ऐप के जरिए आईपीएल मैचों में हार-जीत और बॉल-टू-बॉल रन पर दांव लगवा रहे थे।
दबिश के दौरान आरोपियों के मोबाइल फोन में Rajasthan Royals और Gujarat Titans के बीच खेले जा रहे मैच पर सट्टा खिलाने के सबूत मिले हैं। इसके अलावा सट्टा पट्टी और एक्टिवा क्रमांक CG-10-AJ-8770 भी जब्त की गई।
पुलिस ने दोनों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 7(2) और बीएनएस की धारा 112 के तहत मामला दर्ज किया है। एसीसीयू टीम अब आरोपियों से पूछताछ कर सट्टेबाजी के बड़े नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी एक ही जगह पर नहीं रुकते थे, बल्कि एक्टिवा से घूम-घूमकर मोबाइल के जरिए सट्टा संचालित करते थे, ताकि पुलिस से बच सकें।
