ट्रंप के 10% ग्लोबल टैरिफ से गरमाई सियासत, राहुल गांधी बोले– ‘PM मोदी फिर झुक जाएंगे’

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा पूरी दुनिया पर 10 प्रतिशत ग्लोबल टैरिफ लगाने के नए ऐलान के बाद भारत की सियासत में हलचल तेज हो गई है। इस फैसले को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर सीधा हमला बोला है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर देशहितों से समझौता करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि सरकार ने एक बार फिर अमेरिका के सामने “सरेंडर” किया है।

राहुल गांधी के इस बयान के बाद छत्तीसगढ़ सहित कई कृषि प्रधान राज्यों में राजनीतिक और आर्थिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। छत्तीसगढ़ में बड़ी संख्या में किसान और डेयरी संचालक कृषि उत्पादों के निर्यात से जुड़े हुए हैं। ऐसे में भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर उठे सवालों से राज्य के किसानों के बीच असमंजस की स्थिति बन सकती है। कांग्रेस ने संकेत दिए हैं कि वह इस मुद्दे पर आने वाले दिनों में राज्य स्तर पर सरकार को घेरने की रणनीति बना रही है।

“प्रधानमंत्री का धोखा अब उजागर” – राहुल गांधी

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर केंद्र सरकार की विदेश और व्यापार नीति पर सवाल उठाते हुए लिखा कि प्रधानमंत्री ने पहले ही समझौता कर लिया है और अब सच्चाई सामने आ गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार दोबारा कड़ी बातचीत की स्थिति में नहीं है और वह फिर से अमेरिका के दबाव में झुक जाएगी। कांग्रेस का कहना है कि 7 फरवरी को हुई भारत-अमेरिका ट्रेड डील में भारतीय हितों की मजबूती से पैरवी नहीं की गई, जिसका नतीजा अब ट्रंप के नए टैरिफ आदेश के रूप में सामने आया है।

सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद ट्रंप का नया दांव

शुक्रवार को अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने ट्रंप के पुराने टैरिफ आदेश को अवैध करार देते हुए रद्द कर दिया था। कोर्ट ने कहा था कि राष्ट्रपति को मनमाने तरीके से टैरिफ लगाने का अधिकार नहीं है। लेकिन इस फैसले के महज तीन घंटे बाद ही ट्रंप ने एक नया कार्यकारी आदेश जारी कर दुनियाभर के देशों पर 10 प्रतिशत ग्लोबल टैरिफ लागू करने की घोषणा कर दी।

क्या थी 7 फरवरी की भारत-अमेरिका ट्रेड डील

इस महीने की शुरुआत में भारत और अमेरिका के बीच हुई व्यापार डील में भारतीय कृषि उत्पादों को अमेरिकी बाजार में शून्य टैरिफ पर निर्यात करने की सहमति बनी थी। वहीं, अमेरिकी कृषि उत्पादों को भारत में किसी विशेष टैरिफ छूट की अनुमति नहीं दी गई थी। कांग्रेस का दावा है कि अब अमेरिका इस समझौते से पीछे हटते हुए 10 प्रतिशत टैक्स थोप रहा है, जिससे भारतीय निर्यातकों और खासकर कृषि क्षेत्र को बड़ा नुकसान उठाना पड़ सकता है।

read more : रायपुर में Ded अभ्यर्थियों का आमरण अनशन, परिवार के साथ सामूहिक गिरफ्तारी की चेतावनी

Youthwings