Trump Warns Iran : ट्रंप का ईरान को कड़ा संदेश, कहा- नहीं माने तो होगा और भीषण हमला

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वाशिंगटन में मीडिया से बातचीत के दौरान ईरान को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि ईरान के नेता समझौता करना चाहते हैं, लेकिन डर के कारण खुलकर सामने नहीं आ रहे हैं। ट्रंप का दावा है कि ईरानी नेतृत्व को यह खौफ है कि अमेरिका उन्हें खत्म कर सकता है।

 

ट्रंप ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि ईरान ने हार नहीं मानी तो उस पर और भीषण प्रहार किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका अब तक कई युद्ध जीत चुका है और एक और युद्ध जीतने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उनके अनुसार ईरान बातचीत के लिए उत्सुक है, लेकिन इसे स्वीकार करने से बच रहा है।

 

वहीं ईरान ने इन दावों से पहले ही किसी भी तरह की बातचीत या सीजफायर की पेशकश से इंकार कर दिया है। तेहरान ने साफ कहा है कि वह अपनी शर्तों पर ही अड़ा हुआ है। ईरान की प्रमुख मांगों में अमेरिकी सैन्य ठिकानों को बंद करना, युद्ध की भरपाई और हॉर्मुज क्षेत्र पर नियंत्रण शामिल है।

 

व्हाइट हाउस की अधिकारी कैरोलिन लेविट के अनुसार इस सैन्य अभियान को पूरा करने में 4 से 6 सप्ताह का समय लगने का अनुमान था, जिसमें से 25 दिन बीत चुके हैं। उन्होंने दावा किया कि अमेरिकी सेना अपने तय समय से आगे बढ़ते हुए तेजी से कार्रवाई कर रही है और ईरान की सैन्य क्षमता लगातार कमजोर हो रही है।

 

ट्रंप ने कहा कि ईरान को अमेरिका को कम आंकने की गलती नहीं करनी चाहिए, क्योंकि हालात तेजी से बदल रहे हैं और ईरानी नेतृत्व पहले ही दबाव में है।

Youthwings