कवर्धा में आदिवासी युवती से कार में गैंगरेप, लोगों ने अस्पताल में SP की गाड़ी घेरकर किया हंगामा
कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में एक आदिवासी युवती के साथ कार में गैंगरेप का मामला सामने आया है। युवती के आरोप के अनुसार, उसके बॉयफ्रेंड और उसके दो दोस्तों ने मिलकर उसे सुनसान जगह पर ले जाकर दुष्कर्म किया और बाद में बस स्टैंड के पास छोड़ दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता मंगलवार रात अपने बॉयफ्रेंड (18) के घर पर रुकी हुई थी। रात करीब 3 बजे किसी विवाद के बाद वह घर से बाहर निकली। कुछ देर बाद उसके बॉयफ्रेंड के दो परिचित युवक कार लेकर पहुंचे और पीड़िता को अपने साथ ले गए। इस दौरान युवती के साथ कार में दुष्कर्म किया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही लोग जिला अस्पताल पहुंचे और आक्रोशित होकर एसपी की गाड़ी घेर ली। सामाजिक संगठनों और राजनीतिक दलों के लोग भी अस्पताल में जमा हो गए और जमकर हंगामा किया। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन दिया और समझाइश के बाद लोगों का आक्रोश शांत हुआ।
पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। एसपी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपियों की जल्दी पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी। इसके अलावा, घटनास्थल और आसपास के CCTV फुटेज की भी जांच की जा रही है।
